जयपुर: स्थापना का अमृत महोत्सव मनायेगी विधान सभा : देवनानी

ram

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि राजस्थान विधान सभा अपनी स्थापना का अमृत महोत्सव मनायेगी। उन्होंने कहा कि विधान सभा गठन के 75वें वर्ष में प्रवेश के साथ अमृत महोत्सव के शुभारम्भ की रूप रेखा तैयार की जा रही है। देवनानी मंगलवार को यहां विधान सभा में तीन अधिकारियों के सेवानिवृत्ति समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। देवनानी ने सेवानिवृत्त होने वाले उप सचिव बनवारी लाल मीणा, सहायक सचिव नरेन्द्र कुमार शर्मा और निजी सचिव पुरुषोत्तम शर्मा को उनकी सेवा यात्रा के लिए सम्मानित किया। लोकतंत्र का जीवन्त स्थल- देवनानी ने कहा कि देश की श्रेष्ठ विधानसभाओं में शुमार राजस्थान विधान सभा लोकतंत्र का जीवन्त स्थल है। विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय को प्रतिदिन आमजन देखने आते है। देवनानी ने विधान सभा कर्मियों का आव्हान किया कि वे भी लोकतंत्र के इस पावन स्थल को जीवन्त बनाने में सहभागी बने।राजस्थान विधान सभा प्रदेश की लोकतांत्रिक गरिमा का प्रतीक- विधान सभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधान सभा प्रदेश की लोकतांत्रिक गरिमा का प्रतीक है। इसकी प्रतिष्ठा और प्रभावशीलता सभी कर्मियों के परिश्रम और निष्ठा से ही सुनिश्चित होती है। इस मौके पर विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा, वरिष्ठ उप सचिव पुरुषोतम शर्मा, राजस्थान विधान सभा कर्मचारी सहकारी साख समिति के अध्यक्ष रवि जैन सहित विधानसभा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *