देश-विदेश के निवेशकों ने प्रदेश की डबल इंजन सरकार पर जताया भरोसा, 5 साल में राजस्थान की अर्थव्यवस्था होगी डबल : भजनलाल शर्मा

ram

जयपुर। राजस्थान में उद्योग-धंधों की अपार संभावनाओं के चलते निवेशकों को आमंत्रित करने दक्षिण कोरिया और जापान यात्रा पर गए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर लौटने पर आज एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक भव्य स्वागत किया गया। लोक कलाकारों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाडों, बैंड-बाजों के साथ पुष्प वर्षा के बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत-अभिनंदन किया। भाजपा के कार्यकर्ताओं का अपार प्रेम, स्नेह और भरोसा देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी को धन्यवाद देते हुए यह विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार प्रदेश के विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के भरोसे से मुझे कार्य करने की ताकत मिलती है। इसी का परिणाम है कि महाराष्ट्र के बाद दक्षिण कोरिया और जापान के निवेशकों ने राजस्थान में निवेश करने के लिए पॉजिटिव प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसे के चलते राजस्थान में निवेश के लिए विदेशी निवेशकों में उत्साह देखने को मिला है। नीमराणा में जापानी कोरिडोर की तरह राजस्थान में दक्षिणी कोरिया कोरिडोर बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई है। इतना ही नहीं, जापान की एक कंपनी ने तो राजस्थान के 15 हजार युवाओं को जापान में रोजगार तक देने का वादा भी कर दिया। ऐसे में राजस्थान में विदेशी भाषाओं की लर्निंग के लिए एक महाविद्यालय भी खोला जाएंगा। इसके साथ ही 25 आईएएस अधिकारियों को विश्व के 25 बडे़ देशों के समन्वय के लिए लगाया जाएगा, जो राजस्थान में निवेश को बढ़ावा देंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की अर्थ व्यवस्था को अगले पांच साल में दोगुना करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। राइजिंग राजस्थान के लिए इन्वेस्ट समिट की तरह ग्लोबल समिट किया जाएगा। इसमें विदेशों में जाकर इन्वेस्ट के लिए निवेशकों को तैयार किया जाएगा। इस दिशा में राजस्थान सरकार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को नई दिल्ली में भी राईजिंग राजस्थान रोड शो का आयोजन करेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं है। फिर चाहे वो ऊर्जा का क्षेत्र हो, खनिज का क्षेत्र हो या फिर टैक्सटाइल का क्षेत्र हो। सभी क्षेत्रों में अपार संभावनाओं के साथ राजस्थान की डबल इंजन सरकार पर देश-विदेश के निवेशकों ने विश्वास जताया है। ऐसे में भाजपा की सरकार ने उन्हें सुरक्षा के साथ समुचित संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए भी आश्वस्त किया है। भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने पर यकीन करती है। कार्य करने की इच्छा शक्ति हो तो ईश्वर भी आप की मदद करने को तैयार हो जाता है। भाजपा की सरकार बनने के साथ ही ऊर्जा और पानी के क्षेत्र में कार्य करने की योजनाएं बनाई गई। इस दिशा में जहां 32 हजार मेगावाट ऊर्जा के एमओयू साइन किए गए वहीं पानी के लिए ईआरसीपी और यमुना जल समझौता जैसे वर्षाें से लंबित कार्य को पूरा करने की दिशा में कार्य किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के प्रत्यनशील और विकास के लिए लालायित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महाराष्ट्र में इन्वेस्ट समिट के बाद ‘‘कम इन इंडिया, मैक इन इंडिया‘‘ के सपने का साकार करने के उद्देश्य से दक्षिण कोरिया और जापान में जाकर निवेशकों को आमंत्रित किया है। जबकि राजस्थान की पूर्ववर्ती सरकार ने निवेशकों को आमंत्रित तो किया लेकिन निवेशकों ने उन पर भरोसा तक नहीं जताया। पूर्ववर्ती सरकार के राज में प्रदेश की सरकार अस्थिर थी, गहलोत सरकार कुर्सी बचाने के लिए होटलों में बैठी रही। लेकिन अब हिन्दुस्तान और राजस्थान मंें डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विकसित राजस्थान की दिशा में कार्य कर रहे है। प्रदेश के ऐसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार और धन्यवाद।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विदेशी निवेशकों को सुरक्षा के साथ सुविधाएं, संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए आश्वस्त किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भाजपा सरकार प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए प्रयासरत है। ऐसे में हम सभी को मिलकर मुख्यमंत्री के इस प्रयास को पूरा करने के लिए कार्य करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिन रात प्रयासरत है। राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार बनने के साथ ही इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया था। सीएम शर्मा ने विदेशी निवेशकों के साथ कई दौर की बैठके की और उत्साहित निवेशकों को राधे-राधे के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में मंच पर भाजपा राजस्थान के प्रभारी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, सीपी जोशी, भाजपा महामंत्री एवं सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा महामंत्री जितेंद्र गोठवाल उपस्थित थे। कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सीआर चौधरी, चुन्नीलाल गरासिया, सरदार अजयपाल सिंह, मोतीलाल मीणा, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, संतोष अहलावत, ओम प्रकाश भडाणा, प्रदेश मंत्री विजेंद्र पूनियां, भूपेंद्र सैनी, स्टेफी चौहान, अजीत मॉडन, मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक सहित प्रदेश पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सांसद, विधायकों के साथ मंत्री मंडल के मंत्रीगण, भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
इससे पूर्व एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में मंत्री मंडल के सदस्य, सासंद, विधायक, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत किया। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, एससी-एसटी मोर्चा के साथ सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभागों के संयोजक एवं सह संयोजकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *