कोटा। जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम, गर्मी से बचाव के लिए राहगीरों एवं नरेगा मजदूरों के लिए छाया, पानी की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को रैन बसेरों के लिए जगह चिन्हित करने तथा जिला परिषद के अधिकारियों को मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों के लिए भीषण गर्मी से बचाव के उपायों के लिए अभी से तैयारियां करने को कहा। उन्होंने निर्माण श्रमिकों एवं खनन श्रमिकों के लिए भी पानी, नींबू पानी, छाछ इत्यादि की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
डेंगू की रोकथाम के लिए चलाएं एंटी लार्वा एक्टिविटी
डॉ. गोस्वामी ने निर्देश दिए कि चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए टेंट लगाकर छाया एवं पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने सभी वार्डों में भीषण गर्मी के समय कूलर की व्यवस्था, सीएचसी, पीएचसी में ओआरएस, ग्लूकोज पाउडर, नींबू पानी, छाछ इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था के लिए अभी से प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा गतिविधियां चलाने, हॉस्टलों का सर्वे कर वहां कूलर, टायर आदि में भरा पानी खाली कराने के साथ ही मच्छरों को पनपने से रोकने के संबंध में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी सरकारी कार्यालयों में पीने का स्वच्छ पानी, छाया आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा। साथ ही, उन्होंने सफाई अभियान चलाकर पुराना कबाड़ हटाने एवं कार्यालयों का रंग-रोगन करने के निर्देश दिए।
31 जुलाई तक पूरा हो पौधारोपण का कार्य
डॉ. गोस्वामी ने हरियालो राजस्थान के तहत 31 जुलाई तक पौधारोपण का कार्य पूरा करने एवं लगाए गए पौधों की बाड़बंदी व निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृक्षारोपण के लिए स्थानों का चिन्हिकरण मार्च में पूरा करने तथा 1 अप्रेल से गड्ढों की खुदाई शुरू करने तथा लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की बजट घोषणाओं के प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही उनके लिए स्वीकृतियों के संबंध में अभी से गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

गर्मी के मौसम को देखते हुए अभी से करें पर्याप्त व्यवस्थाएं : जिला कलक्टर
ram


