मुख्‍यमंत्री के प्रस्‍तावित हिंडोली दौरे के मद्देनजर बूंदी जिला प्रभारी मंत्री ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

ram

जयपुर। मुख्‍यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की 11 अप्रैल को प्रस्‍तावित बूंदी जिले की हिण्‍डोली यात्रा को लेकर गुरुवार को ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बूंदी जिला प्रभारी मंत्री श्री हीरालाल नागर ने हिंडोली पंचायत समिति में अधिकारियों के साथ बैठक लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो और पूरा कार्यक्रम गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो। उन्‍होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर ठंडी हवा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। आमजन के लिए शुद्ध और शीतल पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो, ताकि तेज गर्मी में किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्‍होंने निर्देश दिए कि वाहनों की पार्किंग के लिए जो भी जगहें चिह्नित की गई हैं, उन्हें तत्काल समतल करवाया जाएं। उन्‍होंने परिवहन व्यवस्थाओं को अभी से चाक-चौबंद करने और सड़कों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। बैठक में रामसागर झील पर सौंदर्यीकरण कार्यों के शिलान्यास और पौधारोपण कार्यक्रम को लेकर भी रूपरेखा तय की गई। जिला प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि क्षेत्र में झूलते बिजली के तारों को तुरंत कसवाया जाये। उन्होंने झाड़ियों की आवश्यक कटाई-छंटाई करवाने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम स्थल के आसपास मोबाइल टॉयलेट, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की तैनाती मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को सौंपी गई जिम्‍मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्‍ठा के साथ किया जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *