केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) में चार नये गैर-आधिकारिक सदस्यों की नियुक्ति की, जिनमें कुलजीत चहल को उपाध्यक्ष नामित किया गया है। गजट अधिसूचना के अनुसार, अनिल वाल्मीकि, सरिता तोमर और दिनेश प्रताप सिंह गैर-आधिकारिक सदस्य के रूप में एनडीएमसी में शामिल होंगे। चहल, जिन्होंने सितंबर तक गैर-आधिकारिक सदस्य के रूप में कार्य किया, उपाध्यक्ष की भूमिका में सतीश उपाध्याय का स्थान लेंगे। वह भाजपा के नमो ऐप के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं। नई दिल्ली के नागरिक मामलों के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार एनडीएमसी में एक अध्यक्ष, आधिकारिक सदस्य, गैर-आधिकारिक सदस्य और निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल हैं। गृह मंत्रालय इन व्यक्तियों की नियुक्ति करता है जिनमें से प्रत्येक का कार्यकाल पांच साल का होता है। गृह मंत्रालय ने हाल ही में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी केशव चंद्र को एनडीएमसी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। परिषद के निर्वाचित सदस्यों में नई दिल्ली सीट से सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री, नई दिल्ली के विधायक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली छावनी के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान शामिल हैं। नगर निकाय के पांच आधिकारिक सदस्यों में से चार को पिछले महीने नियुक्त किया गया था।

गृह मंत्रालय ने एनडीएमसी में चार नए सदस्यों की नियुक्ति की, कुलजीत चहल उपाध्यक्ष बने
ram