बारां। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के उपलक्ष्य में जिले में भव्य आयोजन की तैयारियां को लेकर एडीएम दिवांशु शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को मिनी सचिवालय सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में हमारी लाडो फाउंडेशन संस्थापिका सुश्री प्रेमलता पुनिया, महिला अधिकारिता विभाग, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। एडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बालिकाओं के आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमें इसे सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग, महिला अधिकारिता विभाग और पुलिस प्रशासन को आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किए जा रहे ‘नींव, लड़कियां भागे सबसे आगे’ 5 किलोमीटर दौड़ एवं अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। दौड़ का आयोजन महिला अधिकारिता विभाग, बारां एवं हमारी लाडो फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।
महिला दिवस पर भव्य दौड़ प्रतियोगिता, बेटियों के सशक्तिकरण का संदेश
सुश्री प्रेमलता पुनिया ने बताया कि इस दौड़ में बारां जिले के सभी 8 ब्लॉकों से राजकीय विद्यालयों की लगभग 350 बालिकाएं भाग लेंगी। दौड़ में शामिल बालिकाओं को प्रेरित करने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए जिले के जनप्रतिनिधि, जिला कलक्टर अन्य प्रशासनिक अधिकारी सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि फाउण्डेशन द्वारा जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली 350 बालिकाओं को 10 सप्ताह तक आत्मरक्षा, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण दिया गया है।
दौड़ का रूट निर्धारित
दौड़ 8 मार्च को प्रातः 7ः30 बजे से प्रारंभ होगी। इसके लिए निर्धारित रूट खेल संकुल से प्रारंभ होकर चारमूर्ति सर्किल, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, कन्या महाविद्यालय एवं ओवरब्रिज के नीचे से पुनः खेल संकुल पर समापन होगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मार्गों पर यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा।
बालिकाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम
दौड़ के समापन के बाद कोटा रोड स्थित राज पैलेस होटल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत दौड़ में भाग लेने वाली सभी बालिकाओं को प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाएंगे। अध्ययनरत नन्हीं बालिकाओं को बैग व गिफ्ट वितरण किया जाएगा। बेबी किट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित होगा। मोटिवेशनल स्पीच एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें समाज की सफल महिलाओं द्वारा बालिकाओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य आयोजन, 350 बालिकाएं लेंगी भाग
ram


