जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि लैक्रोज खेल को राज्य खेल में सम्मिलित किए जाने और जनजातीय विभाग के अंतर्गत इस खेल प्रोत्साहन के लिए विशेष प्रावधान के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजे जाने और त्वरित कार्यवाही किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। राज्यपाल से मंगलवार को लोकभवन में लैक्रोज खेल के खिलाड़ियों ने मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल द्वारा अपने विवेकाधीन कोटे से लैक्रोज खेल प्रोत्साहन के अंतर्गत दिये जा रहे सहयोग के प्रति आभार जताया और इस खेल में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बारे में अवगत कराया। राज्यपाल बागडे ने लैक्रोज खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें ओलंपिक 2028 में भारत के लिए इस खेल में स्वर्ण पदक प्राप्त करने के लिए हौसला अफजाही की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल के साथ साथ पढ़ाई को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेलते समय जीत के लक्ष्य को केंद्र में रखने, चपलता के अंतर्गत निरंतर अभ्यास करने और एकाग्र होकर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आह्वान किया। उन्होंने ओलंपिक से पहले अप्रैल में चीन में होने वाले खेलों में भी अच्छे प्रदर्शन और देश को गौरवान्वित किए जाने हेतु खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजीलाल मीणा, राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, खेल संघ अध्यक्ष अशोक परनामी, प्रज्ञा केवलरमानी भी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने पूर्व में खिलाड़ियों द्वारा इस खेल में राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे बेहतर प्रदर्शन, राजस्थान की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल लाने की सराहना भी की।

राज्यपाल ने लैक्रोज को राज्य खेल में सम्मिलित करने हेतु कार्यवाही के दिये निर्देश— भारत को इस खेल में ओलंपिक पदक के लिए खिलाड़ी अभी से करे तैयारी -राज्यपाल
ram


