कनाडा के पूर्व कप्तान नवनीत धालीवाल ने किया संन्यास का ऐलान, अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेंगे आखिरी मैच

ram

नई दिल्ली। कनाडा क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान नवनीत धालीवाल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। टी20 विश्व कप में 19 फरवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में होने वाले मुकाबले के बाद धालीवाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। कनाडा के इस दिग्गज खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को मिली हार के बाद संन्यास की घोषणा की। 37 साल के धालीवाल ने कहा कि मैंने पूर्व में ही फैसला कर लिया था कि विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला मैच मेरा आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। धालीवाल ने अपने करियर में टी20 विश्व कप 2024 के लिए क्वालीफाई करने, उस विश्व कप के शुरुआती मैचों में रन बनाने और कनाडा का कप्तान बनने को करियर के यादगार लम्हों में से एक बताया। उन्होंने संन्यास के बाद कोचिंग क्षेत्र में कदम रखने और युवाओं को मदद करने की इच्छा जाहिर की। धालीवाल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाने वाले युवराज समरा की तारीफ करते हुए कहा कि न्यूजीलैंड दुनिया की सबसे अच्छी टीमों में से एक है। उस टीम के खिलाफ शतक बनाना इस बात का सबूत है कि हमारे कनाडा में क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है। धालीवाल अपने करियर का समापन टी20 फॉर्मेट में कनाडा के सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में करेंगे। 2019 में टी20 में डेब्यू करने वाले धालीवाल 48 मैचों की 46 पारियों में 10 अर्धशतक की मदद से 1,305 रन बना चुके हैं। वहीं 2024 में वनडे में डेब्यू करने वाले नवनीत ने 18 मैचों की 17 पारियों में 4 अर्धशतक की मदद से 456 रन बनाए हैं। इस दिग्गज खिलाड़ी ने कनाडा के लिए 29 टी20 और 4 वनडे मैचों में कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में कनाडा ने 21 मैचों में जीत हासिल की। कनाडा टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप डी में शामिल है। दिलप्रीत बाजवा की कप्तानी में खेल रही टीम अपने ग्रुप स्टेज के शुरुआती तीन मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।

12

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *