खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का किया निरीक्षण

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा आमजन को घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण करने के दिशा निर्देशों के क्रियान्वयन के क्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का दौरा कर परिवादियों से फोन पर सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार उन्होंने परिवादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने डीडवाना कुचामन के परबतसर से तुक्कारम एवं सुरेश काला, सीकर से देवेन्द्र एवं कानाराम, बालोतरा से भोमाराम, किशनगढ़ (अजमेर) से संजय, सिणधरी से कानाराम, साहवा से अमर चंद एवं देवदास, सूरतगढ़ से राजेंद्र कुमार एवं हनुमान प्रसाद, कोटपुतली बहरोड़ से सुनील कुमावत एवं केकड़ी के लक्ष्मण से 181 हेल्पलाइन पर बात कर उनकी शिकायतें सुनी तथा त्वरित समाधान हेतु आश्वस्त किया। इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने परिवादियों से उनके क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी ली एवं प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर आश्वस्त किया। उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति में अनियमितता बरतने वाली गैस एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परिवादियों से संवाद की दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने ओटीपी के माध्यम से गैस सिलेंडर डिलीवरी ना करने तथा बुकिंग के दो से तीन दिन के अंदर गैस घरेलू गैस सिलेंडर ना पहुंचाने पर कठोर कार्रवाई को लेकर आश्वस्त किया। साथ ही उन्होंने सभी परिवादियों से केवाईसी करवाने का आग्रह किया। उन्होंने परिवादियों द्वारा दिए गए सुझावों पर प्रभावी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से हेल्पलाइन पर आकर स्वयं परिवादियों से संवाद करने एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करने हेतु निर्देशित किया। इससे पहले खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने 181 हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति के संबंध में विभिन्न शिकायतों के बारे में जानकारी ली। साथ ही हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जाना। इस दौरान उन्होंने प्रकरणों के निस्तारण की औसत अवधि, लंबे समय से लंबित मामलों तथा संतुष्टि श्रेणियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवादी की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपाय अपनाए जाएं तथा परिवादियों से नियमित फीडबैक लिया जाए। इस अवसर पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *