धौलपुर। बसेड़ी थाना क्षेत्र के बाबूपुरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट के बाद फायरिंग की गई। फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगी है। गोली लगने से घायल हुए युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल युवक पिता का अंतिम संस्कार कर घर के बाहर चबूतरे पर बैठा था। फायरिंग के साथ मारपीट में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। जिन्हें बसेड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल युवक बृजमोहन सिंह परमार ने बताया कि उसके पिता भूप सिंह का देहांत हो गया था। पिता का अंतिम संस्कार कर परिजन और ग्रामीण घर पर लौट आए थे। रात्रि के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर चबूतरे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर आकाश और सचिन अपने साथियों के साथ पहुंच गए। जहां पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने लाठी डंडों से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। आरोपियों द्वारा जमकर मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग भी कर दी। आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग की गोली बृजमोहन के पैर में लगी है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा किए गए हमले में धीरेंद्र परमार और 14 साल का किशोर लवकुश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए गांव से फरार हो गए। घटना की सूचना स्थानीय बसेड़ी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी भी कराई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।
घटना के बाद परिजन घायलों को लेकर बसेड़ी अस्पताल पहुंचे। जहां से गोली लगने से घायल हुए युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बसेड़ी थाने के एएसआई फतेह सिंह ने बताया कि थाना इलाके के गांव बाबू पुरा में दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ था। एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की गई है। घटनास्थल का पुलिस ने मौका मुआयना भी किया है। घायल पक्ष द्वारा अभी तक रिपोर्ट नहीं दी है।

पुरानी रंजिश के चलते मारपीट व फायरिंग
ram