जैसलमेर। केन्द्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री डॉं.राजभूषण चौधरी ने कहा कि नीति आयोग द्वारा पिछड़े जिलों एवं ब्लॉक में विकास के नये आयाम स्थापित करने के लिए उन्हें आकांक्षी जिले एवं ब्लॉक को चयनित किया था एवं इसमें स्वास्थ्य एवं पौषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास जैसे इन्डीगेटर निर्धारित किये जाकर विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति लाई गई एवं पिछड़ों को अग्रणीय क्षेत्रों में समाहित किया गया है। उन्होंने आकांक्षी जिले एवं ब्लॉक फतेहगढ़ की प्रगति की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इन निर्धारित सूचकांकों में धरातल पर बेहतर कार्य कर अच्छे परिणाम लावें एवं विकास के नये आयाम स्थापित करें।
जलशक्ति राज्यमंत्री डॉ. चौधरी शुक्रवार को जिला कलक्ट्री सभागार में आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में जिला प्रमुख प्रताप सिंह सौंलकी, जिला कलक्टर प्रताप सिंह, (आईआरएस) एवं विशिष्ठ सचिव, अर्जुनसिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर मुन्नीराम बागड़िया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीता चौधरी के साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ. चौधरी ने आकांक्षी जिले के विभिन्न 05 क्षेत्रों के 49 संकेतकों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की एवं कहा कि आंकड़ों के अनुरुप प्रत्येक इन्डीकेटर में अच्छी उपलब्धी अर्जित की गई है, जो संतोषजनक है। उन्होंने स्वास्थ्य एवं पौषण, शिक्षा, आधारभूत संरचनाओं, कृषि इत्यादि क्षेत्रों में धरातल पर विशेष कार्य कर जरुरमंदों को योजनाओं से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया ताकि हम नीति आयोग के मापदण्डों पर खरा उतरें व लोगों को अग्रणीय श्रेणी में लायें। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की एएनसी चैकअप को ओर अधिक प्रभावी करने पर जोर दिया ताकि हम गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव करवा सकें। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वे धात्री महिलाओं को छह माह तक बच्चे को मां का दूध पिलाने के लिये प्रेरित करें एवं बच्चे के दूध पिलाने की विधि के कार्यक्रम भी माताओं के बीच चलाने की आवश्यकता जताई।
जलशक्ति राज्यमंत्री ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल जीवन मिशन के कार्य को गति प्रदान करें एवं यह सुनिश्चित करें कि हर घर तक नल के कनेक्शन हो एवं उन्हें पीने का पानी मिलें। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को सीमान्त एवं दुरस्थ गांवों में जहां बिजली पहुंचाने पर बहुत अधिक खर्चा आता है, वहां पर सौर ऊर्जा से विद्युत कनेक्शन के प्रस्ताव भी तैयार करें ताकि हम उन दुरस्त गांवों तक लोगों को कम खर्चे में बिजली दे सकें।
जिला प्रमुख प्रताप सिंह सौंलकी ने कहा कि जैसलमेर जिले का नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिले में चयन होने से विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति आई है एवं विकास के नये आयाम भी स्थापित हुए है। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्य को गति देने पर जोर दिया।
जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने आकांक्षी जिले के रुप में नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न संकेतकों में हुई प्रगति के बारे में प्रकाश डाला एवं बताया कि जैसलमेर जिले ने देश में अच्छी रैंक अर्जित की है। अतिरिक्त जिला कलक्टर मुन्नीराम बागड़िया ने कहा कि जलशक्ति राज्यमंत्री ने जो दिशा-निर्देश आकांक्षी जिला व ब्लॉक की प्रगति के लिये प्रदान किए है उसकी पालना की जाकर ओर अच्छे तरीके से कार्यक्रम को सफल बनाएगें। मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनीता चौधरी ने स्वागत करते हुए बताया कि जैसलमेर जिले के साथ ही जिले का फतेहगढ़ ब्लॉक आकांक्षी जिले में चयनित है एवं वहां पर निर्धारित सूचकांकों में प्रभावी ढंग से कार्य संपादित किया जा रहा है एवं समय-समय पर इसकी मॉनेटरिंग की जा रही है।
प्रोग्राम मैनेजर डॉ. मनीष विश्नोई व एएसओ मोहित ने पॉवर पोईन्ट प्रर्जेशन के माध्यम से आकांक्षी जिले एवं ब्लॉक के विभिन्न सूचकांकों तथा संम्पूर्णता अभियान की गतिविधियों की प्रस्तुती दी।



