अंतिम गांव तक समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : पटेल

ram

जोधपुर। विधानसभा क्षेत्र लूणी की राजस्व विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग,पुलिस और रुडसिको की समीक्षा बैठक मंगलवार को पाल रोड स्थित पंचायत समिति लूणी के सभागार में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के 8 कार्यों और पेरी अर्बन एरिया के 43 गांवों की पेयजल परियोजना की डीपीआर निर्माण की विस्तृत समीक्षा की गई। पटेल ने कहा अंतिम गांव तक समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा लूणी नदी में खनन के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त नहीं हो इसके लिए संबंधित लीज धारकों को पाबंद करें।

विभागीय समन्वय से पानी चोरी रोकें : संसदीय कार्य मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मुख्य राइजिंग लाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विभागीय समन्वय से पानी चोरी रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश : विधि मंत्री ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को सडक़ सीमा में निर्माण, सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने, कृषि भूमि का अन्य प्रयोजन उपयोग के प्रकरणों और बिना अनापति प्रमाण पत्र के संचालित अवैध फैक्ट्रियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

पुलिस पानी चोरी की एफआईआर पर करें कड़ी कार्रवाई : पटेल ने अवैध कनेक्शन काटने,अवैध कनेक्शन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने और पुलिस के अधिकारियों को एफआईआर पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : विधि मंत्री ने कहा विभागीय अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा विभाग पाइपलाइन के रख-रखाव और प्रॉपर पेट्रोलिंग नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने पाल, सांगरिया और विवेक विहार में अवैध कनेक्शन पृथक कर समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, सीडब्ल्यूआर और एसआर की सफाई करने के निर्देश दिए।

कंटेजेंसी प्लान तैयार करने के निर्देश : संसदीय कार्य मंत्री ने आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल संकट से निपटने के लिए अधिकारियों को पुख्ता कंटेजेंसी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा आमजन को पेयजल संकट से राहत देने के लिए ट्यूबवेल एवं हैंडपंप की मरम्मत, पाइपलाइनों के रिप्लेसमेंट और टैंकरों के माध्यम से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नांदड़ी एवं सांगरिया में सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश : पटेल ने नांदड़ी एवं सांगरिया की विभिन्न कॉलोनियों में समुचित जलापूर्ति के लिए आवश्यक सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही भाखरी, कुम्हारों की ढाणी, खोखरी में पेयजल की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

महाविद्यालय भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा : बैठक में झंवर, लुणावास भाकर, झालामंड और केरू के निर्माणाधीन महाविद्यालय भवनों के कार्य की व्यापक समीक्षा की गई। विधि मंत्री ने रुडसिको के अधिकारियों को तय समयावधि में बेहतर गुणवत्ता के कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

यह भी रहे मौजूद : बैठक में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विनीत बंसल,उपखंड अधिकारी लूणी हसमुख कुमार, उपखंड अधिकारी (दक्षिण) पंकज जैन, अधीक्षण अभियंता (नगरवृत्त) राजेंद्र मेहता, अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण वृत्त) अजय छंगाणी, अधीक्षण अभियंता (परियोजना) भूपेंद्र सिंह देथा, अधिशाषी अभियंता (पीडब्ल्यूडी) मोहम्मद शरीफ, सहायक अभियंता (रुडसिको) राजेश व्यास सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *