श्रीगंगानगर। जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने एफसीआई सहित अन्य एजेंसियों को खरीद शुरू होने से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिये। जिला कलक्टर ने कहा कि एफसीआई, तिलम संघ, एनसीसीएफ तथा आरएसएफसीएससी द्वारा खरीद शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। कृषि उपज मंडी समिति अधिकारियों द्वारा भी खरीद से संबंधित तैयारियां पूर्ण रखी जायें ताकि परेशानी नहीं आये। उन्होंने बारदाना, परिवहन, उठाव एवं भण्डारण सहित खरीद संबंधी समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार जिले में समर्थन मूल्य पर खरीद सुचारू रूप से की जाये। बैठक में अवगत करवाया गया कि केन्द्र सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस घोषित किया गया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद 30 जून 2026 तक की जायेगी। गेहूं खरीद हेतु खाद्य विभाग की वेबसाईट (http://food.rajasthan.gov.in) पर गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन उपलब्ध है। एमएसपी पर गेहूं खरीद हेतु ऑनलाईन पंजीकरण खाद्य विभाग जयपुर के पोर्टल पर 1 फरवरी से आरम्भ है। 25 जून 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, प्रशिक्षु आईएएस श्रीमती अदिति यादव, जिला रसद अधिकारी श्रीमती कविता सिहाग, श्री सुरजीत कुमार, श्री हरिसिंह, श्री दीपक कुक्कड़, श्रीमती पूजा अग्रवाल, श्री धर्मपाल पूनिया, श्री महिपाल माली, एफसीआई, तिलम संघ, एनसीसीएफ तथा आरएसएफसीएससी के अधिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।

श्रीगंगानगर में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की व्यवस्थाएं करें सुनिश्चित, बैठक में जिला कलक्टर ने खरीद एजेंसियों को दिए आवश्यक निर्देश
ram


