लिस्बन में इलेक्ट्रिक स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त, 15 लोगों की मौत, 18 घायल

ram

लिस्बन। लिस्बन के सबसे प्रसिद्ध पर्यटक आकर्षणों में से एक ग्लोरिया फनिक्युलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 15 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल इमरजेंसी के हवाले से दी। पुर्तगाली राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने बेलेम पैलेस में गुरुवार से रविवार तक होने वाले पुस्तक महोत्सव को रद्द कर दिया है। राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित एक बयान के अनुसार, यह निर्णय लिस्बन में ग्लोरिया फनिक्युलर (इलेक्ट्रिक स्ट्रीटकार) से जुड़ी गंभीर दुर्घटना के पीड़ितों की स्मृति और शोक संतप्त परिवारों के प्रति एकजुटता में लिया गया है। सभी दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया और सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया। लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने इसे ‘एक कठिन दिन’ बताते हुए कहा कि शहर ‘कड़ी मेहनत’ कर रहा है। यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पुर्तगाली भाषा में पोस्ट करके अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “मुझे प्रसिद्ध एलेवेडोर दा ग्लोरिया के पटरी से उतरने की खबर सुनकर दुख हुआ।” स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा, ”वह लिस्बन में ग्लोरिया फनिक्युलर की भयानक दुर्घटना से स्तब्ध हैं।” पोस्ट में सांचेज ने पीड़ितों के परिवारों और पुर्तगाली लोगों के प्रति ‘इस कठिन घड़ी में’ ‘अपना पूरा स्नेह और एकजुटता’ व्यक्त की। उन्होंने आगे कहा, “घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *