भरतपुर। राजस्थान सरकार द्वारा विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर 1 से 7 मई तक मनाए जा रहे श्रमिक जागरूकता सप्ताह के तहत भरतपुर में श्रमिकों के लिए ई-श्रम कार्ड पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय शिविर श्रम विभाग कार्यालय में 6 और 7 मई को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूरों ने भाग लिया और अपने ई-श्रम कार्ड बनवाए।
शिविर के पहले दिन ही श्रमिकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें कई असंगठित क्षेत्र के मजदूरों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। ई-श्रम कार्ड के ज़रिए उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य असंगठित कार्यबल को सशक्त बनाना है। मई माह के लिए निर्धारित विषय “अनौपचारिक कार्यबल को सशक्त बनाना: चुनौतियां, अधिकार एवं प्रगति का मार्ग” के तहत यह प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस शिविर के माध्यम से श्रमिकों को विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पंजीकृत किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और श्रम विभाग, भरतपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष शिविर में कामगारों का वर्गीकरण कर योजनागत लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।
श्रमिकों में इस शिविर को लेकर उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पंजीकरण के लिए पहुंचे। आयोजकों के अनुसार शिविर के दूसरे दिन भी इसी प्रकार की भागीदारी की उम्मीद है।



