पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर में ओले, कई जिलों में बरसे बादल

ram

जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बुधवार सुबह राजधानी जयपुर, अलवर, टौंक सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। जयपुर शहर के दादी का फाटक और खिरणी फाटक समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 13 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार इस सिस्टम का असर खासतौर पर उत्तर-पूर्वी राजस्थान में अधिक रहेगा।

राजधानी जयपुर में बीते कई दिनों से बढ़ रहा तापमान मंगलवार रात से गिरने लगा। बुधवार सुबह करीब चार बजे से तेज हवा, बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। ओले गिरने से कई इलाकों में सुबह फिर से सर्दी का अहसास हुआ।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद एक-दो दिन हल्की ठंड बनी रह सकती है।

पिछले 24 घंटे में नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़ और चूरू में हल्की बारिश हुई। नागौर में ओले भी गिरे। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री गिरकर 24.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कोटा शहर और आसपास के इलाकों में सुबह करीब 20–25 मिनट तक तेज बारिश हुई। वहीं टोंक में भी सुबह चार बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को सुबह सर्दी महसूस हुई।

मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी को तापमान में हल्की गिरावट रहेगी, लेकिन 20 फरवरी के बाद मौसम साफ होने के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *