उदयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को उदयपुर में प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को घेरते हुए तीखे हमले किए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पर जल्द ही “तकलीफ” आने वाली है, इसी वजह से उनके दिल्ली दौरों की संख्या अचानक बढ़ गई है।
डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कभी शेखावाटी में आभार यात्रा निकाल रहे हैं तो कभी देव दर्शन यात्रा कर रहे हैं। वहीं जनता उनकी यात्राओं में हिस्सा नहीं ले रही। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल ध्यान भटकाने का काम कर रहे हैं।
यमुना जल और नहर परियोजना पर उठाए सवाल
प्रदेश में जल संकट के मुद्दे पर भी डोटासरा ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में फरवरी 2024 में मुख्यमंत्री ने कहा था कि चार माह में डीपीआर बनेगी और यमुना का पानी लाया जाएगा। लेकिन न तो डीपीआर बनी और न ही कोई स्पष्ट योजना सामने आई।
इसी तरह उन्होंने 8 हजार करोड़ की इंदिरा गांधी नहर परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस परियोजना को कांग्रेस सरकार में वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी थी, केवल टेंडर की प्रक्रिया बाकी थी। इसके बावजूद बजट में दोबारा इसको जोड़ा गया, लेकिन न टेंडर हुआ, न कार्यादेश जारी हुआ और न ही काम शुरू हुआ।
ईडी और इनकम टैक्स का गलत इस्तेमाल
डोटासरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का राजनीतिक हितों के लिए दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सोनिया गांधी के 14 साल पुराने मामले में चार्जशीट पेश की गई, जिसका कोई कानूनी आधार नहीं है और यह अदालत में टिक नहीं पाएगी।
आरएसएस और भाजपा में मतभेद का दावा
डोटासरा ने भाजपा के भीतर अंतर्कलह का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य सरकार से संतुष्ट नहीं है और आरएसएस के साथ भी मतभेद चल रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि 28 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजस्थान आकर बड़ी बैठक करने वाले हैं, जिससे स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

डोटासरा बोले- मुख्यमंत्री पर तकलीफ आने वाली है, ध्यान भटकाने के लिए पुराने केस खोले जा रहे हैं
ram