जिला स्तरीय जनसुनवाई हुई आयोजित

ram

प्रतापगढ़। आमजन की परिवेदनाओं और समस्याओं के त्वरित निस्तारण को सुनिश्चित कर उन्हें राहत प्रदान करने के उद्देश्य से त्रि-स्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को डीओआईटी के जनसुनवाई कक्ष में जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया।

जनसुनवाई में कुल 42 प्रकरण प्राप्त हुए। जिला कलक्टर ने प्रकरणों के नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा गर्मी के मौसम के मध्यनजर सभी अधिकारी अपने कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाकर रखें, जिससे आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। उन्होंने अधिकारियों से आमजन के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ सुनने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि आने वाला समय पेयजल, बिजली एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की दृष्टि से संवेदनशील है सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ आपसी समन्वय से आमजन के हितार्थ कार्य करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ कार्यालय के कार्यों की मॉनिटरिंग करें व निचले स्तर तक निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाएं।

जिला कलक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी आमजन की परिवेदनाओं का प्रभावी रूप से निस्तारण करें ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इसी के साथ ही जिला कलक्टर ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई और रात्रि चौपाल को प्राथमिकता से ले, बिना अनुमति के कोई भी जिला स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित न रहें।

जनसुनवाई में रास्ता खुलवाने, आशा सहयोगनी संबंधित, पट्टा निरस्त करने, नक्शे में शुद्धिकरण करने, कृषि भूमि पर सीमांकन करने, भुगतान दिलाने, रोजगार गारंटी योजना में, कृषि भूमि पर विद्युत कनेक्शन करवाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी का लाभ दिलाने, जमीन आवंटन, नाली सही कराने, बावड़ी की सफाई कराने, मुआवजा दिलाने, दुघटना में मृत्यु होने पर सहायता दिलवाने, सड़क निर्माण कराने सहित अन्य प्रकरण आए।

बैठक में सतर्कता के प्रकरणों की भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सम्पर्क पोर्टल के प्रकरणों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा के भीतर किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।

जनसुनवाई में जिला पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल, अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, उपखण्ड अधिकारी प्रतापगढ़ मणिलाल तीरगर, एसीईओ धनदान देथा, एसीपी अभिषेक मीणा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *