जिला कलक्टर ने किया ग्राम धौर्र का भ्रमण, मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित होगा धौर्र

ram

धौलपुर। आशान्वित जिला व ब्लॉक कार्यक्रम अन्तर्गत आशान्वित ब्लॉक बसेड़ी के ग्राम धौर्र में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी द्वारा भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान ग्राम धौर्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं ग्राम वासियों के साथ बैठक एवं जन-सुनवाई की गई। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा भारत के 7 जिलों में से एवं राजस्थान से एकमात्र धौलपुर जिले के गांव धौर्र का मॉडल सोलर विलेज में चयन किया गया है। इस संबंध में कार्य योजना तैयार किये जाने हेतु अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल से विस्तृत चर्चा की गई एवं क्रियान्वयन हेतु प्रस्तावित एक्शन प्लान अति शीघ्र तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान जिला कलक्टर द्वारा बैठक में उपस्थित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को ग्राम धौर्र में जिन परिवारों के पास विद्युत कनेक्शन नहीं हैं, उन्हें विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देश दिये। साथ ही गांव की खराब विद्युत लाईन को भी शीघ्र बदलवाने के निर्देश दिये। जल जीवन मिशन के कार्यों को पूर्ण कर शीघ्र जलापूर्ति उपलब्ध कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये एवं एईएन पीएचडी को जेजेएम के सभी कनेक्शन पंचायत को अतिशीघ्र हस्तांतरित कराये जाने के निर्देश के साथ ही जेईएन पीएचडी को जेजेएम के तहत लगे पेयजल कनेक्शन की गुणवत्ता की जाँच करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के विभिन्न सूचकांकों एवं अन्य विकासात्मक दृष्टिकोण से निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालय भवनों में रंग-रोगन कराये जाने हेतु संस्था प्रधान एवं विकास अधिकारी बसेडी को निर्देशित किया। गाँव में साफ-सफाई एवं गॉव में स्थित सभी राजकीय भवनों में साफ-सफाई हेतु एवं आवश्यक बिजली-पानी की मूलभूत सुविधायें हेतु विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी को निर्देशित किया। गॉव में स्थित आंगनबाड़ी क्रेन्द्रों पर बाला पेंटिग कराने, गॉव के मुख्य सड़कों के आस पास हो रहे अतिक्रमण को शीघ्र हटाये जाने, टूटी हुई सड़कों को सही करने, समस्त ग्राम वासियों के एनसीडी स्क्रीनिंग कराये जाने के निर्देश दिये। गॉव में दिव्यांग व्यक्तियों हेतु श्रवण यंत्र उपलब्ध करवाये जाने, गाँव में स्वच्छ भारत मिशन एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन के अंतर्गत कार्य कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। जिला कलक्टर द्वारा धौर्र ग्रामवासियों को मॉडल सोलर विलेज की महत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी बताते हुये ग्रामवासियों से इस प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करने हेतु आग्रह किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *