जिला कलक्टर रंजन ने सुने लोगों के अभाव- अभियोग, निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

ram

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को पंचायत समिति भैंसरोड़गढ़ की बरखेड़ा ग्राम पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों के अभाव- अभियोग सुने और उनके निराकरण के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया।

रात्रि चौपाल में पट्टा, पीएम आवास, खाद्य सुरक्षा, कृषि कनेक्शन, किसान सम्मान निधि, पेंशन, बिजली, अतिक्रमण हटाने सहित सरकारी विभागों से लगभग 30 प्रकरणों में आमजन की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को परित्याकता महिलाओं की पेंशन तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को गांव में पेयजल के लिए ट्यूबवेल लगाने, सार्वजनिक निर्माण विभाग को एकलिंगपुरा से गांधीसागर तक सड़क बनाने, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को मनरेगा में लेबर बढ़ाने, लैंड सीडिंग, ई केवाईसी आदि कार्यों को लंबित नहीं रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने अतिक्रमण की शिकायत पर नियमानुसार कार्यवाही करने तथा विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया

जिला कलक्टर ने बोर्ड परीक्षाओ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके करियर को लेकर संवाद भी किया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जीवन में अंकों का ज्यादा महत्व ज्यादा नहीं होता है, सीखने का अधिक महत्व होता है। मेहनत करते रहे जीवन में सफलता जरूर मिलेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रावतभाटा विनोद कुमार मल्होत्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक , तहसीलदार विवेक गरासिया, विकास अधिकारी, सीएमएचओ डॉ ताराचंद गुप्ता, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार दिनेश कुमार जागा, उपनिदेशक उद्यान शंकर लाल जाट, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *