चूरूः पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अंचल में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता सौ मीटर से भी कम रही। लोगों ने सर्दी से राहत पाने के लिए अलाव का सहारा लिया। कोहरे के कारण वाहन चालकों को हैडलाइट जलानी पड़ी। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण लोग सुबह देर तक गर्म कपड़ों में दुबके नजर आए। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जैसा कि पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। बादल छंटने से न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। राज्य के उत्तरी और पूर्वी भागों में अगले 2-3 दिनों में कहीं-कहीं घना कोहरा भी छाए रहने की संभावना है। सर्दी के कारण खेतों में फसलों की पत्तियों पर ओस की बूंदे जमने लगी है। सहायक निदेशक कृषि कुलदीप शर्मा ने बताया कि सुबह छाए घने कोहरे से चने और सरसों की फसलों को काफी लाभ पहुंचेगा। इससे चने की फसल में बढ़ोतरी जल्दी होगी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया।
चूरू में छाया घना कोहरा, दृश्यता सौ मीटर से भी कम, न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री किया गया दर्ज।
ram