प्राग इंटरनेशनल शतरंज महोत्सव में खिताब का सूखा खत्म करने उतरेंगे डी. गुकेश

ram

प्राग। विश्व चैंपियन डी. गुकेश बुधवार से शुरू हो रहे प्राग इंटरनेशनल शतरंज महोत्सव में भारत की चुनौती की अगुवाई करते हुए 2026 में अपनी पहली बड़ी सफलता हासिल करने की उम्मीद के साथ उतरेंगे। विश्व कप में शुरुआती बाहर होने और टाटा स्टील मास्टर्स में साधारण प्रदर्शन के बाद गुकेश इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में वापसी की राह तलाशेंगे। युवा लेकिन बेहद प्रतिस्पर्धी फील्ड में दूसरी वरीयता प्राप्त गुकेश के सामने शीर्ष वरीय जर्मनी के विन्सेंट कीमर और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव जैसी मजबूत चुनौतियां होंगी। हालिया प्रतियोगिताओं के नतीजों को देखें तो कीमर और अब्दुसत्तोरोव का प्रदर्शन गुकेश से बेहतर रहा है। लाइव रेटिंग में कीमर चौथे स्थान पर हैं, उनके ठीक पीछे अब्दुसत्तोरोव हैं, जबकि गुकेश 10वें स्थान पर रहते हुए शीर्ष रैंकिंग वाले भारतीय खिलाड़ी हैं।

कुछ समय पहले तक शीर्ष-10 में तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन अर्जुन एरिगैसी और आर. प्रज्ञानानंदा की रैंकिंग में हालिया गिरावट के बाद गुकेश लाइव रेटिंग में भारत के नए नंबर-एक बन गए हैं। हालांकि वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन निरंतर रहा है।

गुकेश के साथ भारत की ओर से गत चैंपियन अरविंद चितंबरम भी मास्टर्स वर्ग में हिस्सा लेंगे। चेन्नई के इस खिलाड़ी को इसी टूर्नामेंट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान दिलाई थी। सातवीं वरीयता प्राप्त चितंबरम टाटा स्टील प्रतियोगिता में औसत प्रदर्शन के बाद फिर से 2700 रेटिंग क्लब में वापसी की कोशिश करेंगे, हालांकि उनके सामने खिताब बचाने की कड़ी चुनौती होगी। अब्दुसत्तोरोव, जो टाटा स्टील मास्टर्स का पहला खिताब जीतकर आ रहे हैं, यहां भी खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं कीमर भी सभी प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देने में सक्षम हैं।

अमेरिका के हांस नीमन भी उलटफेर करने की क्षमता रखते हैं। ईरान के परहम मगसूदलू शीर्ष स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करेंगे, जबकि नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट मजबूत टूर्नामेंटों में कम भागीदारी के बावजूद निरंतरता के लिए जाने जाते हैं।

उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुब्बोएव स्पेन के डेविड एंतोन गुइहारो और मेजबान देश के स्टार खिलाड़ी डेविड नवार्रा 10 खिलाड़ियों की नौ दौर की मास्टर्स प्रतियोगिता को पूरा करते हैं। चैलेंजर्स वर्ग में भारत की ओर से अनुभवी ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली के साथ महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख चुनौती पेश करेंगी। इस वर्ग में हंगरी के बेंजामिन ग्लेदुरा शीर्ष वरीय हैं, जबकि डेनमार्क के जोनास बुल बियरे दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *