जयपुर। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने शुक्रवार को नेहरू सहकार भवन में नेशनल एग्रीकल्चर को-ऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लि. (नेफेड) द्वारा शुरु किये गए रिटेल आउटलेट ‘नेफेड बाजार’ का फीता काटकर उद्घाटन किया। ‘किसान से किचन तक’ की संकल्पना पर आधारित इस ‘नेफेड बाजार’ के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध होंगे। श्री दक ने इस अवसर पर कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं है बल्कि विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास का माध्यम है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में सहकारी आन्दोलन को सशक्त बनाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। राज्य के इस प्रथम ‘नेफेड बाजार’ का शुभारम्भ किसानों की समृद्धि एवं उपभोक्ताओं की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्ष 1958 से किसानों की सहकारी संस्था के रूप में नेफेड किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। राजस्थान जैसे कृषि प्रधान राज्य में इस प्रकार की पहलें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेफेड बाजार न केवल उपभोक्ताओं को शुद्ध, प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराएगा बल्कि किसानों के लिए स्थायी और लाभकारी विपणन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगा। साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य के अन्य जिलों में भी ‘नेफेड बाजार’ स्थापित किए जाएंगे। इस अवसर पर सहकारिता विभाग की शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां श्रीमती आनन्दी, नेफेड के निदेशक श्री रामप्रकाश चौधरी सहित सहकारिता विभाग एवं नेफेड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सहकारिता मंत्री ने किया राज्य के प्रथम ‘नेफेड बाजार’ का उद्घाटन— ‘किसान से किचन तक’ की संकल्पना पर आधारित है नेफेड बाजार, किसानों को उपज का उचित मूल्य, उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री होगी उपलब्ध —सहकारिता मंत्री
ram


