जयपुर। जयपुर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सभी नवगठित ग्राम पंचायत अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे तथा सभी नगर निकायों के वार्डों में वार्ड अध्यक्ष नियुक्त करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा1 अप्रेल, 2026 से संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान प्रारम्भ होगा जिसके तहत् सभी वार्डों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर अध्यक्ष नियुक्त होकर 21 सदस्य कार्यकारिणी का गठन किया जायेगा। उक्त घोषणा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर मीडिया को सम्बोधित करते हुये की। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान सरकार जान-बूझकर हार के डर से प्रदेश में नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव नहीं करवा रही है, किसी भी बहाने से इन्हें टालने का कार्य लगातार किया जा रहा है। राज्य सरकार ने जान-बूझकर देरी से राज्य में ओबीसी प्रतिनिधित्व आयोग का गठन किया, उन्हें संसाधन नहीं दिये और अब उनकी रिपोर्ट नहीं आने का बहाने बनाकर न्यायालय आदेश के बावजूद नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने का कार्य राजस्थान की भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि जब आयोग को संसाधन ही नहीं मिलेंगे तो सर्वे कर किस प्रकार रिपोर्ट दी जा सकती है, केवल पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने के उद्देश्य से राज्य सरकार ओबीसी आयोग की रिपोर्ट नहीं लेना चाहती है जो कि लोकतंत्र पर एक प्रहार है। कभी वन स्टेट-वन इलेक्शन के नाम पर तो कभी परिसीमन के नाम पर और अब ओबीसी प्रतिनिधित्व आयोग की रिपोर्ट को आधार बनाकर चुनाव टाले जा रहे हैं जो कि भाजपा का लोकतंत्र पर प्रहार है, साथ ही प्रदेश के ग्रामीण विकास को बाधित करने का भी एक कुप्रयास है। भाजपा की सरकार लगातार प्रदेशवासियों को गुमराह कर रही है, दूषित वोटर लिस्ट से पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाना यह तय कर कहा गया है कि एसआईआर की सूची नहीं मिली है जबकि चुनाव आयोग ने स्पष्ट रूप से एसआईआर का कार्य पूर्ण करते हुये इस प्रक्रिया में संलग्र कर्मचारियों को मुक्त कर दिया है। किन्तु राज्य सरकार ने दूषित वोटर लिस्ट ही पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव हेतु जारी की है, जिससे स्पष्ट है कि भाजपा का लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों में कोई विश्वास नहीं है, इसलिये प्रदेश में लोकतंत्र बचाने के लिये राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी दिनांक 01 अप्रेल से 30 दिवसीय संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान चलायेगी। यह अभियान ग्राम पंचायत मुख्यालय पर, वार्ड कांग्रेस कमेटियों, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में तथा जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिला मुख्यालयों पर जन-जागरण हेतु चलाया जायेगा। डोटासरा ने कहा कि इस अभियान के तहत् वे स्वयं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगे और जिला ब्यावर व बालोतरा का 02 एवं 03 अप्रेल, 2026 का दौरा प्रस्तावित है। केन्द्र सरकार की गलत नीतियों एवं भाजपा की डबल इंजन सरकार की अकर्मण्यता के कारण प्रदेश में गैस की किल्लत के कारण प्रदेशवासियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, हजारों लोग बेरोजगार हो गये, लोगों के शादी-विवाह, समारोह सम्पन्न कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा, होटल, रेस्टोरेंट, केंटीन और छात्रों की मैस गैस की किल्लत के कारण बंद हो रहे हैं। इसके विरोध में प्रदेशभर की विधानसभाओं में कांग्रेस की जिला कमेटियों एवं ब्लॉक कमेटियों ने अपने-अपने क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किये हैं। आगामी 27 मार्च, 2026 को रसोई गैस की किल्लत से होने वाली परेशानी के विरोध में भाजपा की डबल इंजन सरकार के विरूद्ध जयपुर में शहीद स्मारक पर बड़ा विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है।

कांग्रेस 1 अप्रैल से शुरू करेगी राजस्थान में संगठन बढ़ाओ,लोकतंत्र बचाओ अभियान- डोटासरा
ram


