चरखी दादरी विधानसभा सीट से चचेरी बहन और भाजपा नेता बबीता फोगाट के खिलाफ विनेश फोगाट को मैदान में उतारने की तैयारी में है कांग्रेस!

ram

कहा जाता है कि तस्वीरें बहुत कुछ कहती हैं। विनेश फोगाट के स्वागत समारोह में उमड़ी भीड़ और वहां मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की टोली एक बड़ा राजनीतिक संकेत और संदेश दे रही थी। खास बात यह है कि यह संदेश हरियाणा विधानसभा चुनावों की घोषणा के ठीक एक दिन बाद दिया गया है। हम आपको बता दें कि पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में पहुंचने के बावजूद अधिक वजन होने के कारण पदक नहीं जीत पाने वाली भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे स्टार खिलाड़ियों के अलावा विभिन्न पंचायतों के नेता भी विनेश का स्वागत करने के लिए पहुंचे थे। कांग्रेस सांसद दीपेंदर हुड्डा भी इस दौरान मौजूद थे। विनेश के स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ ने खिलाड़ी को फूल मालाओं से लाद दिया। बाद में उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का आभार व्यक्त किया। विनेश ने हाथ जोड़कर कहा, ‘‘मैं पूरे देश का आभार व्यक्त करती हूं।’’

वैसे विनेश फोगाट के स्वागत समारोह का जिस तरह राजनीतिकरण किया गया उससे प्रतीत होता है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में वह कांग्रेस की स्टार प्रचारक हो सकती हैं। इस बात की भी अटकलें हैं कि कांग्रेस की ओर से उन्हें हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़वाया जा सकता है। हम आपको यह भी याद दिला दें कि कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि यदि कांग्रेस के पास पर्याप्त विधायक होते तो पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजती। वैसे यदि विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव लड़ती हैं तो यह देखना रोचक होगा कि क्या वह अपनी चचेरी बहन और भाजपा नेता बबीता फोगाट के खिलाफ चरखी दादरी से चुनाव लड़ेंगी? हम आपको याद दिला दें कि पिछले विधानसभा चुनावों में बबीता चरखी दादरी से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ी थीं मगर हार गयी थीं। वह इस बार भी भाजपा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं लेकिन अगर कांग्रेस विनेश को उनके खिलाफ मैदान में उतारती है तो घर में ही दंगल देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *