मुख्यमंत्री ने उदयपुर की आकांक्षा और सफल से किया संवाद, नवनियुक्त कार्मिकों ने युवाओं के सपनों को पंख देने के लिए जताया मुख्यमंत्री का आभार

ram

उदयपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर संभवतया देश में पहली बार राजकीय सेवा में नियुक्ति कार्मिकों के लिए सरकारी स्तर पर उत्सव का आयोजन शनिवार को हुआ। राज्य एवं जिला स्तर पर हुए मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शर्मा सहित राज्य सरकार के चार मंत्रीगण और प्रशासनिक व्यवस्था के उच्चस्थ अधिकारियों ने नवनियुक्ति कार्मिकों का अभिनंदन करते हुए हौंसला बढ़ाया। कार्यक्रम में उदयपुर की आकांक्षा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित रहकर रूबरू तथा सफल पाटीदार ने जिलास्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से वर्चुअल संवाद किया। दोनों ने अल्प समय में हजारों युवाओं को राजकीय सेवाओं में नियुक्ति देकर उनके सपनों को पंख देने के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

उदयपुर के सुखाड़िया रंगमंच में हुआ जिला स्तरीय समारोहरू
जिला स्तरीय रोजगार उत्सव कार्यक्रम शनिवार को नगर निगम परिसर स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल, समाजसेवी रविन्द्र श्रीमाली के आतिथ्य में हुआ। संभागीय श्रम आयुक्त एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संकेत मोदी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के तकरीबन 800 नवनियुक्त कार्मिकों ने भाग लिया। सर्वप्रथम इन कार्मिकों का तिलक लगाकर एवं उपरणा ओढ़ा कर स्वागत किया गया। सभी कार्मिकों को फोल्डर वितरित किए। इसमें मुख्यमंत्री महोदय का संदेश, पेन-स्लिप पेड और कार्मिकों के दायित्व संबंधी पुस्तिका प्रदान की गई। जयपुर के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल ऑडिटोरियम में हुए राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, कौशल नियोजन एवं उद्यामिता मंत्री कर्नल राज्यवर्धनसिंह राठौड़, शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री श्री मदन दिलावर, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री केके विश्नोई, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत, शासन सचिव कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग पूर्णचंद्र किशन आदि ने संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने 10 चिन्हित नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही चयनित कार्मिकों से संवाद भी किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, रोजगार विभाग जयपुर की उपनिदेशक नवरेखा गुप्ता, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क डॉ कमलेश शर्मा, संयुक्त निदेशक डीओआईटी सुश्री शीतल अग्रवाल सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे।

सुजस को बताया उपयोगी
राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित उदयपुर निवासी आकांक्षा दुबे ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित रहते हुए मुख्यमंत्री से संवाद किया। दुबे ने बताया कि उन्हें सेल्फ स्टडी करते हुए सफलता प्राप्त की। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित मासिक पत्रिका सुजस को प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए अन्य युवाओं को भी सुजस का नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने सेवा काल में राष्ट्रहित और जनहित को सर्वाेपरि मानते हुए कार्य करने का संकल्प दोहराया। इसी प्रकार जिला स्तरीय कार्यक्रम से कनिष्ठ प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी सफल पाटीदार ने वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने भी राज्य सरकार की भावना के अनुरूप कर्मयोगी की भ्रांति जनसेवा का संकल्प लिया। साथ ही मुख्यमंत्री सहित राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *