जयपुर। भारत सरकार द्वारा पशु कल्याण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किये जाने वाले ‘जीव-जंतु कल्याण एवं सुरक्षा पुरस्कार’ के तहत विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मतस्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं जॉर्ज कुरियन, एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं पशुपालन आयुक्त भारत सरकार डॅा. अभिजित मित्रा तथा पशुपालन मंत्रालय भारत सरकार की सचिव अलका उपाध्याय ने राजस्थान में पशु कल्याण के क्षेत्र में विगत एक दशक से भी अधिक समय से कार्यरत चैतन्य एम सक्सेना को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर राष्ट्रीय जीव दया पुरस्कार से सम्मानित किया।
भारत सरकार द्वारा जीव-जंतु कल्याण एवं सुरक्षा पुरस्कार के चयन हेतु पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय चयन समिति द्वारा राजस्थान में पर्यावरण, वन्यजीव एवं पशु कल्याण के क्षेत्र में अहम् योगदान देने हेतु चैतन्य एम सक्सेना को भारत सरकार द्वारा सर्वोच्चय सम्मान ‘जीव दया पुरस्कार’ के लिए चयनित किया गया।उल्लेखनीय है कि चैतन्य एम सक्सेना को पर्यावरण, वन्य जीव संरक्षण तथा पशु कल्याण के प्रति उत्कृष्ट योगदान हेतु विगत वर्षों में राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अनेको बार सम्मानित किया गया है।
भारतीय जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के सचिव डॅा. एस.के. दत्ता एवं सहायक सचिव प्राची जैन ने चैतन्य एम सक्सेना को जीव दया पुरस्कार से सम्मानित होने पर बधाई दी। चैतन्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता तथा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर के प्रधानाचार्य अशोक वैद, उप प्रधानाचार्य डी.डी. पाठक एवं मीना जोशी को दिया।चैतन्य एम सक्सेना को इस उपलब्धि के लिए राजस्थान के पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, राजस्थान जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई तथा राजस्थान पशुपालन विभाग के निदेशक डॅा. आनंद सेजरा ने शुभकामनाएं दी।