गोंडा। यूपी के गोंडा में तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर सरयू नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें ज्यादातर एक ही परिवार के हैं। बोलेरो में 15 लोग थे। 4 को शीशा तोड़कर स्थानीय लोगों ने बचा लिया। यह सभी जल चढ़ाने पृथ्वीनाथ मंदिर जा रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो से एक भी शख्स खुद बाहर नहीं निकल पाया। बारिश के चलते नहर में लबालब पानी था। नहर में गिरते ही गाड़ी के गेट लॉक हो गए। कुछ ही सेकेंड में पूरी गाड़ी में पानी भर गया। अंदर बैठे लोग छटपटाते रहे। तड़प-तड़पकर उनकी मौत हो गई। जहां हादसा हुआ, वहां आसपास ग्रामीण थे। बोलेरो नहर में गिरती देख वह बचाने के लिए पानी में कूद गए। लेकिन, गेट नहीं खोल पाए। बमुश्किल खिड़की का शीशा तोड़कर 4 लोगों को बचाकर बाहर निकाला। हादसा रविवार सुबह 10 बजे इटियाथोक थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के बाद का वीडियो सामने आया है। इसमें सड़क पर 11 लाशें पड़ी हुई हैं। किसी को बेटी तो किसी को किसी को बेटा सीपीआर देकर बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे थी। मृतकों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे हैं। मृतकों में नायक कसौधन, काजल, विनम्र, रचना, सौम्या, शुभ, रामकरन, अमित, अंजू वर्मा, सरजू, दुर्गेश नंदिनी शामिल हैं।
मंदिर का आधा सफर हुआ था
एक ग्रामीण ने बताया कि सभी मोतीगंज थाने के सिहा गांव के रहने वाले थे। बोलेरो में प्रह्लाद कसौधन का परिवार और उनके रिश्तेदार थे। हालांकि, वह नहीं थे। प्रह्लाद का गांव में मेवालाल माध्यमिक विद्यालय नाम से इंटर कॉलेज है। वह प्रबंधक हैं। सुबह साढ़े 9 बजे सभी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। गांव से पृथ्वीनाथ मंदिर की 50 किमी है। गाड़ी से आधा सफर यानी 25 किमी पूरा कर लिया था।
पीएम मोदी ने दुख जताया, मृतक परिवारों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पीएम ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी। इसके पहले सीएम योगी ने मृतक के घायलों को 5-5 लाख की सहायता देने की घोषणा की थी। SP विनीत जायसवाल ने बताया- पुलिस को घटना की जानकारी मिली कि बोलेरो नहर में पलट गई है। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लोगों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। चार लोगों को अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया गया है। मरने वालों को सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।
मरने वालों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में 6 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 बच्चे शामिल हैं। इनकी पहचान मोतीगंज थाना त्र के सीहागांव निवासी नायक कसौधन पुत्र प्रह्लाद, काजल पुत्री प्रह्लाद, विनम्र पुत्र पहलवान, सौम्या पुत्री पहलवान, रचना पत्नी रामरूप, शुभ पुत्र अज्ञात, रामकरन पुत्र रामदेव, अमित पुत्र रामरूप, अंजू वर्मा पुत्री रामलाल, सरजू पत्नी रामलल्लन, दुर्गेश नंदिनी के रूप में हुई है। घायलों में अमित कसौधन पुत्र प्रह्लाद, पिंकी कसौधन पुत्री प्रह्लाद, रामलल्लन पुत्र जगप्रसाद, सीताशरण (ड्राईवर) पुत्र परशुराम शामिल हैं।



