जयपुर। हरियाणा विधानसभा चुनावों के परिणाम के रूझान आने के साथ ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल छा गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आतिशबाजी की गई। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जलेबी बनाकर कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा करवाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताते हुए तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर मोहर लगाई है। हरियाणा की जनता ने केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीएम नायब सिंह सैनी के कार्यों और भाजपा जो कहती है, वो करती है की बात पर मोहर लगाई है। हरियाणा चुनावों के परिणामों को देखते हुए मैं पूर्ण विश्वास के साथ कह सकता हूं कि देशभर में आने वाले विधानसभा चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ जीतेगी और केंद्र में चौथी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। हरियाणा विधानसभा चुनावों के प्रचार-प्रसार के दौरान मैंने वहां के कार्यकर्ताओ का उत्साह देखा और हरियाणा प्रदेश की जनता के उत्साह को देखते हुए भाजपा सरकार की हैट्रिक लगेगी यह साफ नजर आ रहा था। हरियाणा की जनता प्रदेश को आगे ले जाने के साथ विकसित हरियाणा बनाना चाहती है। इसलिए भाजपा को तीसरी बार बहुमत प्रदान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में लूट और झूठ का सहारा लेकर चुनाव जीतना चाहती है। कांग्रेसी नेताओं ने चुनावों के साथ जनता के बीच अफवाहें फैलाई ,लेकिन मतदाताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को जवाब देने का काम किया है। ऐसे में मैं हरियाणा की जनता को कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने विकास के कार्यों पर मोहर लगाई है। सीएम शर्मा ने कहा कि हरियाणा के प्रभारी सतीश पूनिया और राजस्थान से प्रवास पर गए हमारे कार्यकर्ताओं की मेहतन रंग लाई। राजस्थान से जाने वाले कार्यकर्ताओं ने दिन रात जमीनी स्तर पर मेहनत की, उसका परिणाम भाजपा की सरकार है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हरियाणा चुनावों में आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार की कमान संभाली थी, उन सभी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा ही नहीं, भारतीय जनता पार्टी राजस्थान मेें होने वाले विधानसभा उपचुनावों में भी सभी सीटों पर जीत दर्ज कराएगी। ऐसे में राजस्थान की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऐसा नेतृत्व है जो कभी आलू से सोना बनाता है तो कभी फैक्ट्री से जलेबी। ऐसे में राहुल गांधी को अपना जनरल नॉलेज बढ़ाने की आवश्यकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में विकास के नए आयाम स्थापित किए है। देश में ही नहीं, पीएम मोदी ने वैश्विक पटल भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। ऐसे में हरियाणा की जनता ने देशहित और विकसित हरियाणा के लिए भाजपा सरकार की हैट्रिक लगाई है। कांग्रेस ने एक बार फिर चुनावों में भ्रम फैलाने का काम किया लेकिन हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को सीरे से नकार दिया। कांग्रेस ने हरियाणा में सारे हथकंडे अपनाते हुए चुनाव जीतने का माहौल बनाया लेकिन हरियाणा की जनता ने मोदी पर विश्वास जताया। एक ओर कांग्रेसी नेता कहते है भाजपा आरक्षण समाप्त कर देगी, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी विदेश में जाकर यह कहते है कि सत्ता में आएंगे तो हम आरक्षण समाप्त करेंगे। देशवासी कांग्रेसी नेताओं की हकीकत समझ गए और हरियाणा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने का काम किया।