भीलवाड़ा। विजयादशमी पर्व के अवसर पर राष्ट्रीय सेविका समिति के स्थापना दिवस और संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में पथ संचलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजेंद्र मार्ग स्कूल में उद्बोधन और शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पथ संचलन निकाला गया, जिसका समापन पुनः राजेंद्र मार्ग र हुआ। इस आयोजन में राष्ट्रीय सेविका समिति भीलवाड़ा विभाग द्वारा शक्ति संगम और पथ संचलन का आयोजन किया गया, जिसमें अखिल भारतीय व्यवस्था प्रमुख एवं वायु क्षेत्र कार्यवाहिका वंदना वजीरानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद सेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत की हर बेटी को आत्मनिर्भर और साहसी बनना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब केवल घर और नौकरी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। वंदना वजीरानी ने कहा कि विजयादशमी केवल प्रतीकात्मक पर्व नहीं, बल्कि यह शक्ति और साहस का प्रतीक है। अब समय आ गया है कि महिलाएं भी शस्त्र और आत्मरक्षा के कौशल में दक्ष बनें, ताकि किसी भी परिस्थिति में खुद का और समाज का संरक्षण कर सकें। शस्त्र पूजन के उपरांत शक्ति पथ संचलन का आयोजन किया गया, जो राजेंद्र मार्ग स्कूल से प्रारंभ होकर संकट मोचन बालाजी, गोल प्याऊ चौराहा, रेलवे स्टेशन, झूलेलाल सर्कल, आजाद चौक, प्रताप टॉकीज, सूचना केंद्र, भोपाल क्लब, भीमगंज थाना, आयुर्वेद हॉस्पिटल, फतेह टावर, सिटी कोतवाली होते हुए राजेंद्र मार्ग स्कूल पर संपन्न हुआ। शहरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर फूल बरसाकर पथ संचलन का स्वागत किया। इस दौरान सेविकाएं पूर्ण गणेश वेश में शामिल रहीं और बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए अनुशासन, संगठन और शक्ति का परिचय दिया।

भीलवाड़ा : विजयादशमी पर राष्ट्रीय सेविका समिति का निकला पथ संचलन, शस्त्र पूजन के साथ शक्ति संगम का आयोजन
ram