अयोध्या : रामनवमी पर उल्लास, इकबाल अंसारी ने श्रद्धालुओं पर बरसाए पुष्प

ram

अयोध्या। रामनवमी के मौके पर अयोध्या में लोग हर्षित और उल्लासित हैं। दूरदराज से श्रद्धालु राम मंदिर में पहुंचकर रामलला का दर्शन कर आनंदित हो रहे हैं। चहुंओर हर्षोल्लास का वातावरण है। रामजन्म के बाद कोई बधाई गीत गा रहा है, तो कहीं सोहर गाई जा रही है। इसी बीच बाबरी के पैरोकार रहे इकबाल अंसारी ने आज रामभक्तों पर पुष्प वर्षा की है।इस दौरान इकबाल अंसारी ने कहा कि यह अयोध्या रामलला की जन्मभूमि है। यहां श्रद्धालु दर्शन के लिए आए हुए हैं। यहां पर गंगा-जमुनी तहजीब है। हमने श्रद्धालुओं पर पुष्प की वर्षा की है। इकबाल अंसारी ने कहा कि रामनवमी की सबको बधाई देता हूं। अयोध्या आने वाले सभी हमारे मेहमान हैं। यहां पर सरयू नदी है।

भगवान राम और बजरंगबली का मंदिर है। यहां पर जो श्रद्धालु निकल रहे हैं, वह हर्षित हैं, इसी कारण हम भी पुष्पों की वर्षा कर रहे हैं।इस मौके पर इकबाल अंसारी के साथ रामलला के दर्शन कर रहे श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा के साथ जयकारे भी लगाए गए। ज्ञात हो कि रामनगरी अयोध्या में राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रामलला का सूर्य तिलक हुआ। भगवान सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक का चार मिनट तक अभिषेक करती रहीं। पुराने जाने-पहचाने रास्ते से विचरण करती भगवान भास्कर की तेजोमय रश्मियां घड़ी की सभी सुइयों के इकट्ठे होते ही जैसे ही बालक राम लला के ललाट पर प्रतिष्ठित हुईं, प्रभु के समक्ष उपस्थित श्रद्धालुगण प्रसन्नता से झूम उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *