पशु कल्याण पखवाड़ा 14 से, होंगी विभिन्न गतिविधियां

ram

चूरू। प्रदेश में 14 जनवरी से 30 जनवरी 2025 तक पशु कल्याण पखवाड़ा मनाया जायेगा। इस पखवाड़े के दौरान जिले में जीव जन्तुओं के प्रति प्रेम व दया भाव जाग्रत करने की दृष्टि से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ ओमप्रकाश ने बताया कि इस दौरान प्रत्येक पशु चिकित्सा संस्था पर एक-एक बांझ निवारण एवं पशु शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। पशुओं को कृमिनाशक औषधि पिलाई जाएगी। जन सामान्य को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस संबंध में बैठक आदि आयोजित कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियमों, अन्य अधिनियमों की जानकारी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिले में पशु कल्याण गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले की समस्त पशु चिकित्सा संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं एवं गौशालाओं में चेतना शिविर एवं गोष्ठियां एवं पशु कल्याण जन जागृति रैली आयोजित कराएं। नजदीकी शिक्षण संस्थाओं में जीव जन्तुओं के प्रति क्रूरता निवारण पर आधारित व्याख्यानों के माध्यम से जानकारी दी जाए तथा सम्बन्धित विषय पर चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने बताया कि जिले की सभी पशु चिकित्सा संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की गौशालाओं एवं पशुपालकों के पशु बाड़ों में जाकर ठण्ड से पीड़ित पशुओं को राहत देने हेतु सम्बन्धित गौशाला प्रबन्धन, पशु पालक से यथायोग्य उपाय करवाएं। ग्राम में संचालित पशु खेलियों की सफाई उपरान्त जन सहयोग से सफेदी करवा कर पुनः जल से भरवाना सुनिश्चित करवाएं।

उन्होंने बताया कि इस दौरान आमजन को पशु क्रूरता के संबंध में जानकारी देने, पशुओं के प्रति दया, करुणा एवं कल्याण हेतु जन साधारण में जागृति एवम् क्रूरता निवारण हेतु वातावरण निर्माण के उद्देश्य से शिक्षण संस्थाओं, पंचायत मुख्यालयों, गांशालाओं आदि में सभाओं एवं रैली का आयोजन सुनिश्चित करवाने, जन सहयोग से निराश्रित पशुओं की देखभाल हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, पशुओं को अधिक सर्दी-गर्मी की प्रतिकूलता से सुरक्षा करने के लिए जनसामान्य को जागृत करने, गौशालाओं का निरीक्षण करने, पशुओं के लिए स्वच्छ स्वास्थ्यवद्र्धक वातावरण का निर्माण करने, गौशालाओं में पशुओं के संवर्गवार उनकी उम्र के अनुसार पृथक-पृथक आवास एवं खाने की व्यवस्था करने, रुग्ण एवं अपंग पशुओं के लिए पृथक से आवास व्यवस्था करने, रोगी एवं घायल पशुओं की निःशुल्क चिकित्सा करने, लावारिश पशुओं, गौशालाओं एवं जन सामान्य के पशुओं को लाभान्वित करने हेतु बांझपन निवारण एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन करने, पतंगबाजी से घायल पक्षियों को संरक्षण प्रदान करने के लिए मकर संक्रान्ति के दिवस प्रातः 7 बजे से सायं तक चिन्हित विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर उनकी तत्काल चिकित्सा सुनिश्चित करने, पशुओं को गाड़ी में जोत कर क्षमता से अधिक भार ढोने से रोकने का प्रयास करने, पशु परिवहन नियम 1978 के नियम 56 में उल्लेखित वाहन (ट्रक/टैम्पो) द्वारा पशु परिवहन दौरान निर्देशों की पालना न करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने, पशुओं को वाहनों में अनियमित रूप से भर कर परिवहन करने पर भी कानूनी कार्यवाही करने, धर्म के नाम पर पशुओं की बलि को रोकने हेतु सम्बन्धित को समझा कर इस कृत्य को रोकने के प्रयास करने, पशु कल्याण पखवाडे के दौरान 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस एवं 30 जनवरी 2025 को सर्वोदय दिवस/(महात्मा गांधी शहीद दिवस) के रूप में मनाने, इन दोनों दिवसों में समस्त राज्य में पशु पक्षियों का वध करना एवं मांस आदि की बिक्री पर अनिवार्य रूप से प्रतिबन्ध के लिए जागरुक करने संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *