महिला अत्याचारों के मामलों में प्रदेश में अलवर जिला बना अव्वल

ram

जयपुर। पिछले 6 माह में प्रदेश में महिला अत्याचारों के मामले में अलवर सबसे आगे रहा है। अलवर में पिछले 6 माह में सर्वाधिक 881 महिला अत्याचार से जुड़े मामले सामने आए हैं। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह जिला भरतपुर महिला अत्याचार के मामले में दूसरे नम्बर पर रहा है। भरतपुर में 763 महिला उत्पीडऩ के मामले दर्ज हुए हैं। यह जानकारी गुरुवार को विधानसभा सत्र के दौरान लिखित में दी गई।
विधानसभा में कांग्रेस विधायक इन्द्रा ने प्रश्नकाल के दौरान सवाल पूछा कि प्रदेश में इस वर्ष माह जनवरी 2024 से 30 जून 2024 तक महिला उत्पीडऩ के कितने मामले सामने आए हैं और सरकार ने महिला उत्पीडऩ के लिए क्या-क्या प्रयास किए हैं। सवाल के जवाब में मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने यह जानकारी दी।

विधानसभा में शून्यकाल के दौरान दिए गए जवाब के अनुसार राजस्थान में रोज सौ से अधिक महिला उत्पीडऩ के मामले दर्ज हो रहे हैं। राजस्थान में जनवरी से लेकर 30 जून तक महिला उत्पीडऩ के लिए 20767 मामले दर्ज किए हैं। ऐसे में रोजाना औसत 115 मामले दर्ज हो रहे हैं।

जब मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने महिला उत्पीडऩ से जुड़े सवाल पर जवाब दिया तो विधायक ने कहा कि पिछले छह माह में महिला अत्याचार के मामले बढ़े हैं। इसके अलावा सरकार की ओर से जो महिला उत्पीडऩ रोकने के प्रयासों की बात की जा रही है, वे सभी कांग्रेस सरकार से जुड़े हुए हैं। इस पर मंत्री खींवसर ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना की राजस्थान में महिला उत्पीडऩ के मामलों में छह प्रतिशत की कमी आई है। इस पर कांग्रेस ने सदन में काफी देर तक हंगामा किया और नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *