नई दिल्ली। खुदरा के बाद अब थोक महंगाई दर में लगातार तीसरे महीने बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जनवरी महीने में थोक महंगाई दर बढ़कर 1.81 फीसदी पर पहुंच गई। ये पिछले नौ महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है, जो दिसंबर में 0.83 फीसदी थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया कि जनवरी में थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित महंगाई दर लगातार तीसरे महीने बढ़कर 1.81 फीसदी रही। पिछले वर्ष जनवरी माह में थोक महंगाई दर 2.51 फीसदी थी, जबकि दिसंबर 2025 में यह 0.83 फीसदी रही थी। मंत्रालय के मुताबिक डब्ल्यूपीआई पर आधारित महंगाई दर में यह वृद्धि खाद्य वस्तुओं, गैर-खाद्य वस्तुओं और विनिर्मित उत्पादों की कीमतों में महीने-दर-महीने आई तेजी के कारण है। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक जनवरी में महंगाई दर में इजाफे का मुख्य कारण बेसिक मेटल, अन्य विनिर्माण, गैर-खाद्य वस्तुओं, खाद्य पदार्थों और वस्त्रों की कीमतों में बढ़ोतरी रहा है।
उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर भी जनवरी में बढ़कर 2.75 फीसदी रही है। यह बढ़ोतरी खाद्य पदार्थों और कीमती धातुओं की कीमतों में इजाफे की वजह से हुई है। ये नए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के पहले आंकड़े हैं, जिसका आधार वर्ष 2024 है।



