धौलपुर। मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयुक्त नगर परिषद अशोक शर्मा, उपखंड अधिकारी साधना शर्मा, सीओ सिटी, रेलवे विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस वर्ष मानसून के दौरान पिछले साल जैसी जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी विभाग पहले से ही ठोस तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं, ताकि आमजन को जलभराव के कारण किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में रेलवे अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि नवीन रेलवे ट्रैक निर्माण के कारण जल निकासी प्रभावित न हो। इसके लिए जहां आवश्यक हो, वहां पुलिया और अन्य वैकल्पिक जल निकासी मार्ग बनाए जाएं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि रेलवे ट्रैक के नीचे से पानी के सुचारू बहाव के लिए समुचित व्यवस्था की जाए।
नगर परिषद को नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के आदेश
नगर परिषद को निर्देश दिए गए कि शहर के सभी प्रमुख और छोटे नालों की नियमित सफाई की जाए और जल निकासी मार्गों पर हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि संपूर्ण सफाई कार्य मानसून से पहले पूरा हो जाना चाहिए, ताकि बारिश के समय नालों का बहाव अवरुद्ध न हो।
इसके अलावा, संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पहले से ही व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत जल निकासी की कार्रवाई हो सके।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित विभाग समय रहते अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करें और मानसून के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।

धौलपुर में जलभराव रोकथाम को लेकर प्रशासन सख्त, जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
ram


