कौशल, उद्यमिता एवं रोजगार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का किया निरीक्षण

ram

जयपुर। कौशल, उद्यमिता एवं रोजगार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा ने सोमवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित दर्ज शिकायतों की समीक्षा की तथा परिवादियों से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों के निस्तारण के बारे में जानकारी ली। वर्मा ने विभाग से जुड़े परिवादों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राजस्थान संपर्क पोर्टल एक महत्वपूर्ण मंच है और इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा विभाग से संबंधित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई परिवादी से सीधे संवाद कर संबंधित शिकायत के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग से संबंधित कुल 38,690 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 37,768 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। वर्तमान में 922 प्रकरण लंबित हैं। प्रकरणों के निस्तारण की औसत अवधि 12 दिन रही तथा करीब 71.94 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों में राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर स्वयं उपस्थित रहकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस अवसर पर कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान पब्लिक ग्रिवेंसेज प्रकोष्ठ तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *