नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के एसीएस ने 181 हेल्पलाइन के माध्यम से सुनीं जनसमस्याएं, समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

ram

जयपुर । नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने मंगलवार को सचिवालय स्थित 181 कन्ट्रोल रूम का दौरा किया तथा परिवादियों से बात कर समस्या दर्ज करवाने, समाधान और इस समाधान से आए परिवर्तन के सम्बंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों हेल्पलाइन पर दर्ज परिवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, समय पर परिवादी को सूचित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पोर्टल पर दर्ज विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की तथा लम्बित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने व शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। 181 हेल्पलाइन पर परिवादियों से बातचीत के दौरान उन्होंने जोधपुर निवासी रामकिशोर से मोबाइल पर बात कर उसकी समस्या सुनी। परिवादी ने बताया कि उनके क्षेत्र में सीवर लाइन का मेन हॉल का ढक्कन खुला हुआ है। गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र परिवाद के निस्तारण करने के लिए कहा। उन्होंने अजमेर के राजेंद्र, जोधपुर के राघव तथा उदयपुर निवासी मुकेश से बात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा शीघ्र तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने रोड़ लाइट, सीवरेज, पट्टा आवंटन संबंधी समस्याओं को भी सुना एवं उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इससे पूर्व गुप्ता ने राजस्थान संपर्क पोर्टल से संबंधित प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों की औसत निस्तारण अवधि कम करने तथा संतुष्टि के स्तर में सुधार करने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के परिवादों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस वर्ष जनवरी माह से अब तक यूआईटी विभाग के 23 हजार 627, जोधपुर विकास प्राधिकरण के 12 हजार 885 तथा जयपुर विकास प्राधिकरण के 20 हजार 141 से अधिक परिवादों का निस्तारण किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *