नई दिल्ली। भारत के अभिषेक शर्मा ICC रैंकिंग में टी-20 के नंबर-1 बैटर बन गए हैं। वे विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के बाद नंबर-1 पोजिशन पर पहुंचने वाले तीसरे भारतीय बैटर बने हैं। बुधवार को जारी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा के 829 अंक हैं, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ 5वां टी-20 में नहीं खेलने के कारण ट्रैविस हेड के 814 अंक हो गए हैं। इससे भारतीय बल्लेबाज नंबर-1 पोजिशन पर आ गया। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में चोट के बावजूद फिफ्टी बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (776 अंक) को ICC टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में एक स्थान का फायदा हुआ है। इंग्लिश बैटर जो रूट ने इस लिस्ट में टॉप पर कायम हैं। टेस्ट बॉलर्स की लिस्ट में टॉप-10 में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ICC ने बुधवार को ताजा रैंकिंग जारी की।
अभिषेक ने हेड को पीछे छोड़ा
अभिषेक ने ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को पीछे छोड़कर नंबर-1 स्थान हासिल किया है। हेड पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान सूर्यकुमार को हटाकर टॉप पर पहुंचे थे। हेड हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टी-20 सीरीज से बाहर थे। इसके बाद उन्हें नंबर-1 स्थान गंवाना पड़ा।
रूट ने ओल्ड ट्रैफर्ड में 150 रन की पारी खेली थी
रूट ने ओल्ड ट्रैफर्ड में 150 रन की पारी खेलकर टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप पर अपनी बढ़त कायम रखी है। ओल्ड ट्रैफर्ड मुकाबले के दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा और टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत एक स्थान के फायदे के साथ एक स्थान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। पंत ने चोट के बावजूद मैनचेस्टर टेस्ट में अर्धशतक लगाया था। ओपनर यशस्वी जायसवाल को तीन स्थान का नुकसान हुआ है, वे आठवें स्थान पर आ गए हैं।
ऑलराउंडर्स में जडेजा टॉप पर कायम, स्टोक्स को 3 स्थान का फायदा
मैनचेस्टर टेस्ट में नाबाद 107 रन की पारी खेलकर मैच ड्रॉ करने वाले भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ऑलराउंडर्स रैंकिंग के टॉप पर कायम हैं। उनके पास 422 रैंकिंग पॉइंट्स हैं। वहीं, इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स (301 अंक) को तीन स्थान का फायदा हुआ। साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस को एक-एक अंक का नुकसान हुआ है।
बुमराह नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज
स्टोक्स टेस्ट ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी तीन स्थान की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए, जबकि टेस्ट गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप-10 में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज के रूप में अपनी बढ़त बनाए हुए हैं।



