सवाई माधोपुर। किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शिकायत निराकरण एवं निगरानी समिति की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों के लिए संकट के समय सुरक्षा कवच है, अतः प्रत्येक प्रकरण का तथ्यपरक परीक्षण कर शीघ्र निर्णय सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा रबी 2025-26 में फसल बीमा नामांकन की प्रगति की समीक्षा एवं खरीफ-2025 में सम्पादित किए गए फसल कटाई प्रयोगों में की गई अनियमितताओं से जुड़े लंबित एवं विवादित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने बैंक एवं बीमा कंपनी प्रतिनिधियों को सभी प्रकरणों में समुचित रिपोर्ट, अभिलेख एवं तथ्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी रबी 2025-26 में सभी केसीसी धारकों को, जिन्होंने योजना से बाहर रहने का विकल्प नहीं दिया है, अनिवार्य रूप से फसल बीमा कवरेज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि कोई पात्र किसान बीमा सुरक्षा से वंचित न रहे। फसल कटाई प्रयोग में गाइडलाइन के उल्लंघन पर दो पटवारी निलंबित, 6 को 16सीसी नोटिस जारी :- खरीफ-2025 में राजस्व फसल कटाई प्रयोगों को सीसीएस के नियमानुसार सम्पादित नहीं करने पर सख्त रूख अपनाते हुए डूंगरी पटवारी मुरारी लाल सामरिया, खानपुर बडौदा पटवारी राजाराम गुर्जर को निलंबित करने एवं मुई पटवारी अनिता शर्मा, जस्टाना पटवारी हरि ओम मीना, मेई कलां पटवारी विराट शर्मा, अहमदपुरा पटवारी मोहन रैगर, बाढ़कलां पटवारी अमित कुमार अग्रवाल, टोकसी पटवारी पवन कुमार मीना को 16 सीसी नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित तहसीलदारों को दिए। बीमा कंपनियों की सहमति से गाइडलाइन के अनुरूप नहीं पाए गए फसल प्रयोगों को निरस्त किया गया। साथ ही आगामी रबी फसल कटाई प्रयोगों को लेकर सभी पटवारियों एवं कृषि पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजन के निर्देश उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी डॉ. डिम्पल गुर्जर को दिए। बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राकेश कुमार अटल, उप निदेशक पीडी आत्मा अमर सिंह, एलडीएम प्रदीप कुमार, तहसीलदार बृजेश कुमार सिंह, सहायक निदेशक श्याम बिहारी मथुरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शिकायत निराकरण एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
ram


