जयपुर। जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिथाइल केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा भांकरोटा थाना क्षेत्र में रामचंद्रपुरा पुलिया पर हुआ। आग लगने से टैंकर का निचला हिस्सा पूरी तरह जल गया, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, केमिकल से भरा टैंकर अजमेर से जयपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही टैंकर रामचंद्रपुरा पुलिया पर चढ़ा, तभी टायर के पास से चिंगारियां निकलीं, जिससे टैंकर के निचले हिस्से में आग भड़क उठी। चलते टैंकर में आग की लपटें देखकर हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
राहगीरों ने तुरंत ड्राइवर को आग लगने की सूचना दी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर को सड़क किनारे खड़ा किया और जान बचाने के लिए नीचे उतर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़, कॉन्स्टेबल बाबूलाल और सुनील ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस दौरान कुछ समय के लिए जयपुर-अजमेर हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन हालात सामान्य होने पर वाहनों की आवाजाही फिर से सुचारू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो दिसंबर 2024 में हुए भांकरोटा अग्निकांड जैसा बड़ा हादसा हो सकता था।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टैंकर में आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



