हाईटेक सिटी का ड्रीम प्रोजेक्ट तीन साल बाद भी कागजों में,कहीं एक ईंट तक नहीं लगी: अशोक गहलोत

ram

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की भाजपा सरकार की बजट घोषणाओं को लेकर जारी वीडियो सीरीज ‘बजट फाइल्स’ के तीसरे एपिसोड में जयपुर के पास प्रस्तावित हाईटेक सिटी परियोजना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि फरवरी 2024 में बजट में घोषित और मुख्यमंत्री की ओर से ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ बताई गई हाईटेक सिटी की स्थिति यह है कि करीब तीन साल बाद भी जमीन तय नहीं हुई और कहीं एक ईंट तक नहीं लगी है। गहलोत ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में बताया कि फरवरी 2024 के लेखानुदान भाषण के पैरा 31 में जयपुर की 40 लाख से अधिक आबादी की समस्याओं का हवाला देते हुए शहर के पास हाईटेक सिटी विकसित करने की घोषणा की गई थी। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी, वित्तीय तकनीक, वित्तीय प्रबंधन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित आधुनिक क्षेत्रों के संस्थानों और कंपनियों को प्रोत्साहन देने तथा विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं विकसित करने की बात कही गई थी। हालांकि, घोषणा में परियोजना के लिए कोई बजट राशि निर्धारित नहीं की गई थी। गहलोत के अनुसार, मई 2024 में परियोजना के लिए जमीन की तलाश जारी थी और जयपुर विकास प्राधिकरण को सरकारी जमीन नहीं मिल पाई थी। नवंबर 2024 में फागी, चाकसू और आगरा रोड क्षेत्र में संभावित स्थानों पर विचार किया जा रहा था, लेकिन कोई जगह तय नहीं हुई। दिसंबर 2024 में मुख्यमंत्री ने इसे अपना ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ बताते हुए अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के भाषणों में हाईटेक सिटी का उल्लेख नहीं मिला। उनके मुताबिक, अब तक न तो परियोजना के लिए जमीन तय होने की जानकारी सामने आई है और न ही निर्माण कार्य शुरू हुआ है। हलोत ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार को बजट में हाईटेक सिटी की घोषणा याद है? इसके लिए जमीन कहां और कब तक तय होगी तथा काम कब शुरू होगा? उन्होंने यह भी पूछा कि घोषणा के बाद के तीन बजट भाषणों में परियोजना का नाम और राशि क्यों शामिल नहीं की गई और इसे ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ बताने के बाद अब तक क्या ठोस काम हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की बजट घोषणाएं कागजों तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने कहा कि हाईटेक सिटी की घोषणा बजट में हुई, लेकिन परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *