जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग पर किए जा रहे सड़क विकास, सौंदर्यीकरण एवं यातायात सुगम बनाने से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की आधुनिक एवं यातायात जाम से मुक्त जयपुर की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने मार्ग पर यातायात बाधाओं के स्थायी समाधान के साथ-साथ सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मार्ग के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया तथा प्रस्तावित पैदल यात्री क्रॉसिंग, ग्रेड सेपरेटर, रोटरी एवं यू-टर्न सहित यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के परामर्श से तैयार की गई पुनर्विकास योजना में शहरी यातायात व्यवस्था के सभी पहलुओं को समग्र रूप से ध्यान में रखा गया है। इसमें पैदल यात्रियों, गैर-मोटर चालित परिवहन (एनएमटी) तथा वाहनों के सुचारू आवागमन के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि सभी नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पुनर्विकास कार्यों के दौरान यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कर जेएलएन मार्ग पर यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवासन श्री आलोक गुप्ता, जेडीए आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन सहित वरिष्ठ अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने जेएलएन मार्ग पर जेडीए के विकास कार्यों का किया निरीक्षण, जयपुर में सुगम यातायात व्यवस्था एवं ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर दिया जोर
ram


