फिलिप्स-ब्लंडेल ने संभाली न्यूजीलैंड की पारी, पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम का स्कोर 246/5

ram

क्राइस्टचर्च। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 5 विकेट खोकर 246 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। कीवी टीम की शुरुआत अच्छी रही और कप्तान टॉम लाथम और डेवोन कॉनवे ने मिलकर पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। कॉनवे 79 गेंदों का सामना करने के बाद 31 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे सेशन में आकाश दीप ने लाथम को अर्धशतक पूरा करने के बाद 59 रनों के स्कोर पर आउट किया। लाथम ने अपनी पारी में 128 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके लगाए। अगले ही ओवर में अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स को 16 रनों के स्कोर पर पवेलियन भेजा। आकाश दीप ने रचिन रवींद्र को बिना खाता खोले ऋषभ पंत के हाथों विकेट के पीछे कैच कराकर आउट किया।
इसके बाद पांचवें विकेट के लिए टॉम ब्लंडेल और डेरिल मिचेल ने मिलकर 124 गेंदों में 74 रन जोड़े। मिचेल की 31 रनों की पारी का अंत वॉशिंगटन सुंदर ने किया। 184 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका लगा। हालांकि, ब्लंडेल और ग्लेन फिलिप्स ने इसके बाद मोर्चा संभाला और न्यूजीलैंड का कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।
फिलिप्स 64 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 36 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि ब्लंडेल 53 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। ब्लंडेल और फिलिप्स के बीच छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत की तरफ से गेंदबाजी में टेस्ट के पहले दिन आकाश दीप सबसे सफल बॉलर रहे और उन्होंने 2 विकेट चटकाए।
वहीं, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट निकाला। भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। गुरनूर बरार को प्रसिद्ध कृष्णा के स्थान पर मौका मिला है। हालांकि, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को एक बार फिर टीम में शामिल नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *