बाल मुकुन्द ओझा
अब जबकि यूपी विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, इसके साथ ही नित नए चुनावी इंद्रधनुषी रंग के नज़ारे दिखने शुरू हो गए है। इसी बीच योगी और अखिलेश के बाद एक तीसरे मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में चंद्रशेखर रावण भी अवतरित हो गए है। मीडिया में ओवैसी और रावण के गठजोड़ को तीसरे मोर्चे का नाम दिया है तो चंद्रशेखर इसे पहला मोर्चा बता रहे है। ख़ैर नामों में क्या किया धरा है। देखने की बात तो यह है की यह कथित तीसरा मोर्चा कितने दम ख़म से चुनाव लड़ता है और योगी तथा अखिलेश में से किसे लाभ या हानि पहुंचा पाता है। हैदराबाद के फायर ब्रांड नेता, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और दलित नेता व आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण ने यूपी के दौरे शुरू कर दिए है। इन दोनों को विश्वास है कि उनके मोर्चे को दलित और अल्पसंख्यक समुदाय का भपूर समर्थन हासिल होगा। प्रदेश में दलित 21 प्रतिशत और मुस्लिम 19 प्रतिशत यानि दोनों समुदायों के मतदाताओं की संख्या लगभग 40 प्रतिशत बताई जा रही है। सियासत के जानकारों का कहना है, इस गठजोड़ से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमों मायावती के साथ कांग्रेस की मुसीबत बढ़ सकती है। वहीं मुस्लिम और दलित मतों के बंटवारे से सत्ताधारी भाजपा को फायदा मिल सकता है। बहरहाल यह तो चुनाव परिणामों से ही पता चलेगा की कौन किसके वोट काटेगा और कौन किस पर भारी पड़ेगा। दूसरी तरफ कांग्रेस और सपा में टिकट बंटवारे को लेकर सर फुटौव्वल की खबरे आने लगी है। वहीँ जेल से बाहर आकर समाजवादी पार्टी के नेता आज़म खान ने कहा चुनाव नहीं अब इंकलाब होगा। उन्होंने कहा हमारे इलाके के लोग हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं करते है। यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं। उनके इस बयान पर वार पलटवार भी शुरू हो गया है। सपा ने इस गठजोड़ को बेअसर तो भाजपा ने अवसरवादी कहते देर नहीं की।
भाजपा के सहयोगी दल भी जोर शोर से सीटों की मांग पर अड़े दिखाई दे रहे है। जातिगत समीकरण बैठाने में हर पार्टी एक दूसरे से आगे निकलने में लगी है। उधर बसपा सुप्रीमो और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती इन दिनों फिर चर्चा में है। कभी यूपी जैसे देश के सबसे बड़े प्रदेश पर एक छत्र राज करने वाली बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती आजकल अजीब उधेड़बुन की शिकार है। मायावती और उनकी पार्टी बसपा लगातार अपनी साख खोती जा रही है। पारिवारिक कलह भी खुलकर सामने आ रही है। अपने भतीजे आकाश आनद को कभी पार्टी में बाहर और फिर अंदर लेने की कहानी का पटाक्षेप अभी चक्रव्यूह में फंसा था कि इसी बीच मायावती ने एक बार अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में वापस शामिल कर राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंप दी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर देश की सियासत गरमाई हुई है। विपक्षी पार्टियां ज्ञानेश के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। बर्खास्तगी से लेकर गिरफ़्तारी तक की मांग की जा रही है। ऐसे में यूपी का चुनाव बेहद आक्रामक होने जा रहा है। बहरहाल सियासी पार्टियां अपने अपने समीकरणों को खंगाल कर चुनावी दुंदुभि बजाने में जुट गई है। देश के सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आते जा रहे है वैसे वैसे सियासी पार्टियों ने अपनी रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी है। एक दूसरे पर आरोपों की बौछारे सियासी पारे में गर्माहट पैदा करने लगी है। भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ने एक दूसरे को पछाड़ने के लिए भाषणों और बयानों के जहरीले तीर बरसाने शुरू कर दिए है। पार्टियों ने अपने अपने गठबंधन तलाशने के साथ उन्हें मज़बूती प्रदान करने प्रारम्भ कर दिए है। भाजपा के साथ कई छोटी पार्टियां है। इस बार भाजपा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल का भी साथ मिला हुआ है। दूसरी तरफ, सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की स्थिति पूरी तरह साफ़ नहीं है। उम्मेद है दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी। बसपा सुप्रीमों मायावती अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से जोड़-तोड़ और कयासों का दौर शुरू हो चुका है। इसी के मधे नज़र गठजोड़ बनने बिगड़ने शुरू हो गए है। बात बात पर नेताओं ने चुनाव में देख लेने की धमकिया देनी शुरू कर दी है। यूपी में साढ़े नौ साल से भाजपा सत्तारूढ़ है और योगी आदित्यनाथ के पास सत्ता की कमान है। भाजपा तीसरे टर्म के लिए जी तोड़ कोशिश में लगी है। यहाँ भाजपा और समाजवादी पार्टी में सीधी और कांटे की लड़ाई है। कांग्रेस और बसपा समाप्त प्राय है। अन्य छोटी पार्टिया अपने अस्तित्व को बचाने के फेर में है। सपा मुखिया पीडीए बनाकर मतों को एक मुश्त अपनी झोली में डालने के प्रयास में जुटी है वहीँ भाजपा हिन्दू मतों को कटेंगे तो बटेंगे का नारा देकर प्राप्त करने के प्रयास में है। कुछ अन्य जातीय पार्टियां भी जातीय मतों के बुते पर मैदान में डटी है।

यूपी में दलित-अल्पसंख्यक करेंगे सत्ता का फैसला
ram


