पंचायत समिति परिणाम : भरतपुर में भाजपा को झटका, 6 पंचायत समितियों की 126 सीटों में निर्दलीयों का दबदबा

ram

भरतपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की ग्रामीण राजनीति में पंचायत समिति सदस्य चुनावों के ताजा आंकड़ों ने बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाले समीकरण पेश किए हैं। जिले की छह प्रमुख पंचायत समितियों—उच्चैन, वैर, सेवर, नदबई, भुसावर और रूपवास की कुल 126 सीटों पर आए परिणामों में किसी भी एक प्रमुख राष्ट्रीय दल को एकतरफा बहुमत नहीं मिल पाया है। इस चुनाव में सबसे बड़ी ताकत के रूप में निर्दलीय उम्मीदवार उभरे हैं, जिन्होंने कुल 126 में से अकेले 60 सीटों पर कब्जा जमाकर सत्ता की चाबी अपने हाथों में रख ली है।
कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ाः
आंकड़ों के अनुसार, कुल 126 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 26 और कांग्रेस को 35 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 3 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। दूसरी ओर, 60 निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत ने दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक गणित को उलझा दिया है।
पंचायत समिति वार परिणामः
नदबई में निर्दलीय : यहां निर्दलीयों ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 19 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 6 और कांग्रेस को महज 2 सीटें मिली हैं।
भुसावर में कांग्रेस : यहां कांग्रेस 11 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल करने में सफल रही है। निर्दलीयों के खाते में 7 और भाजपा के खाते में मात्र 1 सीट गई है।
वैर में कांग्रेस : यहां भी कांग्रेस 9 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा को 3, आरएलपी को 1 और निर्दलीयों को 6 सीटों पर सफलता मिली है।
उच्चैन में निर्दलीय : इस पंचायत समिति में 9 निर्दलीय जीतकर आए हैं। भाजपा और कांग्रेस को 2-2, जबकि बसपा और आरएलपी को 1-1 सीट मिली है।
सेवर में निर्दलीय : यहां निर्दलीयों ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 7 और कांग्रेस को 4 सीटें मिली हैं।
रूपवास में निर्दलीय : यहां भाजपा और कांग्रेस 7-7 सीटों के साथ बराबरी पर हैं। निर्दलीयों ने 9 और बसपा ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है।
नगरीय निकाय चुनावों जैसे हालातः
इन परिणामों के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में नगरीय निकाय चुनावों की यादें ताजा हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों और विपक्षी खेमे का मानना है कि नगरीय निकाय चुनावों में भी भरतपुर की जनता ने इसी तरह का जनादेश दिया था, जहां निर्दलीयों का पलड़ा भारी रहा था। विपक्षी दलों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में जनता ने भाजपा को नकार दिया है और पूर्व में हुए निकाय चुनावों की तरह इस बार भी सत्ताधारी दल द्वारा जोड़-तोड़ और धनबल के सहारे अपने प्रधान बनाने की कोशिश की जा सकती है।
दूसरी ओर, भाजपा खेमे का तर्क है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय समीकरणों के चलते निर्दलीय चुनाव जीतते हैं, जिनकी विचारधारा पार्टी से जुड़ी रही है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं के दम पर कई विजयी निर्दलीय सदस्य भाजपा के साथ आकर बोर्ड बनाने में सहयोग करेंगे।
प्रधान पद के लिए बाड़ेबंदी की सुगबुगाहटः
भुसावर को छोड़कर शेष पांचों पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत न होने के कारण अब प्रधान पद के चुनाव बेहद रोमांचक हो गए हैं। उच्चैन, नदबई, सेवर और रूपवास में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका पूरी तरह निर्णायक हो गई है। परिणाम सामने आते ही प्रमुख दलों के रणनीतिकार सक्रिय हो गए हैं और विजयी निर्दलीय उम्मीदवारों से संपर्क साधने तथा उन्हें अपने पाले में करने के लिए बाड़ेबंदी की कवायद शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *