जयपुर। राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और झोटवाड़ा के लोकप्रिय विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने दीपावली के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रियजनों और सम्मानित नागरिकों से मुलाकात कर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान आत्मीय संवाद, शुभकामनाओं और अपनों के स्नेह से दीपावली का उत्सव और भी खास बन गया।
इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि दीपावली केवल दीपों और रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। अपनों के बीच बिताए गए ये आत्मीय पल जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। यही विश्वास उन्हें जनसेवा और क्षेत्र की प्रगति के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनहित से जुड़े विषयों पर पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त, जागरूक और जवाबदेह समाज का निर्माण सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

जनता का विश्वास और स्नेह ही जनसेवा की सबसे बड़ी ताकत : राज्यवर्धन राठौड़
ram


