जयपुर में साकार हुआ मथुरा का वृन्दावन : गुप्त वृन्दावन धाम में सजी 21 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत की भव्य झांकी

ram

जयपुर । लोक-आस्था के पावन पर्व गोवर्धन पूजा के अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम में अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जहां मथुरा के वृन्दावन धाम का भक्तिमय स्वरूप जीवंत हो उठा। मंदिर प्रांगण में स्थापित गोवर्धन पर्वत की मनोरम झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा (छोटी) उंगली पर धारण किए रूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। पूरा परिसर ‘गिरिराज गोवर्धन की जय’ और ‘राधे-कृष्णा’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा। गोवर्धन पूजा महोत्सव के उपलक्ष्य में धाम में भव्य एवं विशेष धार्मिक उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशी गाय के पवित्र गोबर और देश की पावन नदियों तथा तीर्थों के जल से 21 फीट ऊंचे विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण कर विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान भगवान श्री श्री कृष्ण-बलराम का मनोहारी व दिव्य श्रृंगार किया गया। उत्सव का मुख्य आकर्षण भक्तों द्वारा अपने हाथों से तैयार किया गया छप्पन भोग रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और सेवाभाव के साथ स्वयं 56 प्रकार के पारंपरिक व्यंजन व पकवान तैयार कर गिरिराज गोवर्धन को अर्पित किए। पूजन के उपरांत विशाल अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। इंद्र के मानमर्दन व प्रकृति संरक्षण का संदेश है गोवर्धन लीलाः समारोह को संबोधित करते हुए गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना कृष्ण स्वामी ने गोवर्धन लीला के आध्यात्मिक एवं दार्शनिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि द्वापर युग में महज सात वर्ष की बाल्य अवस्था में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी बाएं हाथ की सबसे छोटी उंगली पर विशाल गिरिराज पर्वत को लगातार सात दिनों तक उठाए रखा था। यह लीला केवल इंद्र के अहंकार का मर्दन करने के लिए नहीं, बल्कि मानव समाज को प्रकृति, संवर्धन और गौ-सेवा के प्रति कृतज्ञ रहने की शाश्वत प्रेरणा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *