राजस्थान में दिन में हल्की गर्मी, रातें हो रहीं ठंडी

ram

जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में हल्की गर्मी बनी हुई है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहा। बाड़मेर में सबसे अधिक गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जोधपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़ और पाली में भी दिन का तापमान 35 डिग्री से अधिक रहा।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। माउंट आबू 12.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं सीकर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री मापा गया। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ गया है।

शुक्रवार को अजमेर सहित कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे। अलवर में सुबह के समय हल्का कोहरा भी रहा।

हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह तक अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *