रूसी विदेश मंत्री तेहरान दौरे पर, क्षेत्रीय तनाव को लेकर ईरानी समकक्ष अराघची से करेंगे चर्चा

ram

तेहरान। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव सोमवार को तेहरान दौरे पर अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से मुलाकात करने वाले हैं। इस दौरान ईरान की मौजूदा स्थिति, क्षेत्रीय तनाव कम करने के लिए रूस की ओर से उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा होगी। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की र‍िपोर्ट के अनुसार, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बताया क‍ि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव सोमवार को तेहरान की आधिकारिक यात्रा के दौरान अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से मुलाकात करेंगे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जखारोवा ने बताया कि विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव 19 अक्टूबर को ईरान के दौरे पर रहेंगे और इस दौरान अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। बातचीत का एक प्रमुख विषय ईरान से जुड़ी मौजूदा स्थिति और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए रूस की ओर से उठाए जा रहे कदम होंगे।
जखारोवा के मुताबिक, पश्चिम एशिया क्षेत्र में रूस के मित्र देशों के सामने जो तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं, वे अमेरिका और इजरायल की नीतियों तथा कदमों का परिणाम हैं। आईआरएनए के अनुसार, उन्होंने कहा कि लावरोव और अराघची के बीच होने वाली इस बैठक में हाल के महीनों में ईरान और रूस के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई उच्च स्तरीय वार्ताओं में हुए समझौतों को लागू करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही दोनों देश तेहरान और मॉस्को के बीच हुए व्यापक रणनीतिक साझेदारी समझौते के तहत अपने सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए व्यावहारिक कदमों पर भी चर्चा करेंगे। यह बैठक रूस और ईरान के बीच राजनीतिक, कूटनीतिक और रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *