जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर कहा है कि राजस्थान में कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी 10 माह से पेंशन परिलाभ, ग्रेच्युटी और पीएफ के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। यह उनकी अपनी मेहनत की कमाई और जमा पूंजी है, जिसे सरकार नहीं दे रही है। घर में शादी-ब्याह और त्योहार आदि के अवसरों पर इसी जमा पूंजी की जरूरत होती है।
गहलोत ने कहा कि इसी के विरोध में कर्मचारी महासंघ को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करना पड़ रहा है और अब त्योहार पर “काली दिवाली” मनाने का ऐलान करना पड़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोन ने एक्स पर कहा है कि जिस सरकार के कर्मचारी और बुजुर्ग पेंशनर्स अपने हक के पैसे के लिए दिवाली पर सड़क पर उतरें, उसे शर्म आनी चाहिए। जनता की गाढ़ी कमाई को रोज नए दिखावटी आयोजनों और प्रचार पर लुटाने वाली भाजपा सरकार के पास अपने ही कर्मचारियों को देने के लिए पैसा नहीं है। इसे लेकर जनता में आक्रोश है।
गहलोत ने बयान दिया कि कहीं राजस्थान की भाजपा सरकार दिवालिया होने की कगार पर तो नहीं पहुंच गई?
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तुरंत श्वेत पत्र जारी कर प्रदेश की असली वित्तीय स्थिति जनता के सामने रखे और कर्मचारियों का बकाया भुगतान जल्द से जल्द करे।



